उत्तराखंड

वायरल वीडियो पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता की सफाई, बोले- ‘बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’

वायरल वीडियो पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता की सफाई, बोले- ‘बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’

हरिद्वार: लक्सर के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता का जन्मदिन कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में पेयजल व्यवस्था का जिक्र करते हुए उनकी एक टिप्पणी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब संजय गुप्ता ने इस पर सफाई देते हुए इसे विपक्ष की साजिश बताया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पूर्व विधायक के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय गुप्ता ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने खास तौर पर पेयजल व्यवस्था में सुधार का दावा किया।

उन्होंने कहा कि पहले कई इलाकों में करीब 20 फीट की गहराई पर भी गंदा पानी मिलता था, लेकिन उनके प्रयासों से लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया गया। इसी दौरान उन्होंने वोट को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे।” इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।

संजय गुप्ता ने दी सफाई

वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने इसे विपक्ष की साजिश बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ गलत टिप्पणी नहीं की थी।

संजय गुप्ता ने कहा कि उनका जन्म सुल्तानपुर गांव में हुआ है और उन्होंने अपनी जन्मभूमि के विकास के लिए काम किया। उनके मुताबिक, सुल्तानपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के साथ ही क्षेत्र में कई योजनाएं लाई गईं।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंक के निर्माण हेतु 11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई। उन्होंने कहा कि वह अपनी जन्मभूमि का कर्ज उतारने की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि वीडियो को गलत तरीके से वायरल करने वालों की वह निंदा करते हैं।

2012 और 2017 में लक्सर से जीते थे चुनाव

संजय गुप्ता 2012 में पहली बार लक्सर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2017 में उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद शहजाद ने लक्सर सीट पर जीत हासिल की थी।

अपने 2012 से 2022 तक के कार्यकाल के दौरान संजय गुप्ता क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का जिक्र करते रहे हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। वहीं, पूर्व विधायक की सफाई के बाद अब उनके बयान के संदर्भ और वीडियो की प्रस्तुति को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *