राहुल गांधी का नवंबर के तीसरे सप्ताह में अमेरिका दौरा प्रस्तावित; बीजेपी ने साधा निशाना, गिरिराज सिंह ने दी डिबेट की चुनौती
राहुल गांधी का नवंबर के तीसरे सप्ताह में अमेरिका दौरा प्रस्तावित; बीजेपी ने साधा निशाना, गिरिराज सिंह ने दी डिबेट की चुनौती
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नवंबर के तीसरे सप्ताह में अमेरिका के दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरे पर वह प्रवासी भारतीय समुदाय (NRIs) तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों को संबोधित करेंगे। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) द्वारा उनके कार्यक्रमों के लिए न्यूयोर्क (New York) और शिकागो (Chicago) में तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, संसद के आगामी शीतकालीन सत्र (Winter Session) के शुरू होने से पहले वह भारत लौट आएंगे।
बीजेपी का राहुल गांधी के दौरे पर हमला
राहुल गांधी के इस प्रस्तावित विदेशी दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा हमला बोला है:
’कामचोरी’ का आरोप: बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी ज्यादा दिन भारत में रह ही नहीं पाते और एक बार फिर छुट्टी एंजॉय करने जा रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में अपने अराजक दोस्तों से मिलते हैं और जब वे देश को कम समय देते हैं, तो भारत के लोगों से वोटों की उम्मीद क्यों करते हैं? यह ‘वोट चोरी’ नहीं बल्कि ‘राहुल गांधी की कामचोरी’ है।
अज्ञात दौरों पर सवाल: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी हर तीन महीने में गायब होकर विदेश चले जाते हैं और किसी को नहीं पता होता कि वे कहां जाते हैं। इसलिए उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा सकता।
विदेशी फंड और सोशल मीडिया विवाद पर घमासान
गिरिराज सिंह की खुली चुनौती: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधी डिबेट करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाहें तो विदेशी मदद के मामले पर बहस कर लें। इसके साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी संसद के आगामी सत्र में SIR और EVM के मुद्दे पर भी डिबेट के लिए सामने आएं।
राहुल गांधी का पलटवार: विदेश से मदद लेकर प्रदर्शन कराने के आरोपों पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि खुद सत्ताधारी पार्टी और सरकार विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके अपना राजनीतिक नैरेटिव फैलाती है।

