उत्तराखंड

प्रेमनगर में पुलिस का देर रात चेकिंग अभियान, चार हॉस्टल संचालकों को नोटिस; चार संदिग्ध युवक हिरासत में

प्रेमनगर में पुलिस का देर रात चेकिंग अभियान, चार हॉस्टल संचालकों को नोटिस; चार संदिग्ध युवक हिरासत में

देहरादून: पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशे और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दून पुलिस ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात हॉस्टल और पीजी की अचानक जांच की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई हॉस्टल और पीजी में चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में नियमों का पालन नहीं होने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, देर रात बिना किसी स्पष्ट वजह के घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

छात्रों के सत्यापन और CCTV पर जोर

चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने हॉस्टल और पीजी संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। पुलिस ने सभी छात्रों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

साथ ही हॉस्टल परिसर में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य करने, रात 10 बजे तक छात्रों की हॉस्टल में एंट्री सुनिश्चित करने और बाहरी लोगों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने को कहा गया। पुलिस ने संचालकों को हॉस्टल में आने-जाने वाले सभी लोगों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की भी हिदायत दी।

नशे या अपराध में संलिप्तता पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने साफ किया कि हॉस्टल या पीजी में रहने वाला कोई छात्र आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है या नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित शिकायत सामने आती है, तो संबंधित छात्र के साथ-साथ हॉस्टल या पीजी संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा देर रात छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से बाहर घूमते पाए जाने पर भी संबंधित प्रतिष्ठान संचालक की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी गई है।

चार हॉस्टलों को कमियां दूर करने के निर्देश

चेकिंग में अनियमितताएं मिलने के बाद चार हॉस्टल संचालकों को नोटिस जारी कर तय समय सीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि देहरादून में पढ़ाई के नाम पर हुड़दंग, नशे या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हॉस्टल और पीजी संचालकों को सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर क्षेत्र में इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *