उत्तराखंड

खटीमा में ₹14.97 करोड़ की सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन; उत्तराखंड में ₹22.15 करोड़ की 26 विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति

खटीमा में ₹14.97 करोड़ की सड़क चौड़ीकरण परियोजना का सीएम धामी ने किया भूमि पूजन, जाम से मिलेगी राहत

खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक चौड़ी होगी सड़क, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास को बताया प्राथमिकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

खटीमा से रिश्ता मां-बेटे जैसा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा करने की निरंतर ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्य आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

प्रदेश में 26 विकास कार्यों के लिए ₹22.15 करोड़ से अधिक की मंजूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹22 करोड़ 15 लाख 32 हजार की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन किया है। इन कार्यों में सड़क और नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना और विद्युत संबंधी कार्य शामिल हैं।

देहरादून: मसूरी क्षेत्र के लिए ₹8.96 करोड़

मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹8.96 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया है। इसमें आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली निर्माण और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹89.44 लाख, कैनाल रोड जाखन नगर के वार्ड संख्या 07 के लिए ₹82.29 लाख और मालसी के वार्ड संख्या 01 के लिए ₹60.91 लाख शामिल हैं।

इसके अलावा गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 06 नागेश्वर के लिए ₹78.92 लाख, वार्ड संख्या 07 संजय विहार के लिए ₹39.97 लाख, वार्ड संख्या 05 टपकेश्वर के लिए ₹62.36 लाख और वार्ड संख्या 04 रोजपुर रोड के लिए ₹84.48 लाख की मंजूरी दी गई है।

वार्ड संख्या 06 दून विहार के लिए ₹96.75 लाख, वार्ड संख्या 10 डोभालवाला के लिए ₹76.62 लाख, घोरणखास के लिए ₹79.71 लाख, वार्ड संख्या 12 किशननगर के लिए ₹50.08 लाख और वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी के लिए ₹94.65 लाख की स्वीकृति का भी अनुमोदन किया गया है। इन स्थानों पर आंतरिक सड़कों, नालियों और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे।

पिथौरागढ़: चार कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़

जनपद पिथौरागढ़ में चार विकास कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹86.45 लाख, धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए ₹79.49 लाख और पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए ₹84.94 लाख शामिल हैं।

इसके साथ ही डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹93.64 लाख की मंजूरी दी गई है।

अल्मोड़ा: तारबाड़ और मंदिर सौंदर्यीकरण

जनपद अल्मोड़ा में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए ₹45.63 लाख और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.08 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹58.248 लाख की प्रथम किस्त का शासनादेश भी जारी किया गया है।

चम्पावत: मेला स्थलों और मंदिरों का विकास

जनपद चम्पावत में ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए ₹50 लाख और ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए ₹25 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण के लिए ₹97.10 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

टिहरी: चौकी महादेव शिवालय का सौंदर्यीकरण

जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹67.87 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

हरिद्वार: 100 हैंडपंपों की स्थापना

जनपद हरिद्वार में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने हेतु ₹99.44 लाख और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए ₹123.46 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

पौड़ी: कोटद्वार में स्ट्रीट लाइट के कार्य

जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग के कार्यों हेतु ₹344.04 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *