श्रीनगर में कांग्रेस को बड़ा झटका, मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजपा में शामिल
श्रीनगर में कांग्रेस को बड़ा झटका, मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजपा में शामिल
श्रीनगर। पौड़ी गढ़वाल जिले की श्रीनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी और उनके पति समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में 10 पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
10 पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं।
इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस के पार्षद हैं, जबकि बाकी पार्षद निर्दलीय बताए गए हैं। मेयर समेत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के इस कदम को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
आरती भंडारी बोलीं- विकास के संकल्प को मिलेगी मजबूती
भाजपा में शामिल होने के बाद मेयर आरती भंडारी ने कहा कि पार्टी में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर नगर निगम में विकास कार्यों को गति मिली है। आरती भंडारी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनके लिए नई नहीं है और वह पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हैं।
उन्होंने श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार और संगठन के सहयोग से शहर को और बेहतर एवं विकसित बनाने के लिए काम किया जाएगा।
लखपत सिंह भंडारी ने बताया जनसेवा का संकल्प
आरती भंडारी के पति और समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।
उन्होंने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास की सोच और जनसेवा के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि वह पार्षद साथियों के साथ मिलकर जनता के बीच और मजबूती से काम करेंगे। युवाओं के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सरोकार और सनातन संस्कृति के संरक्षण को लेकर भी काम करने की बात कही।
महेंद्र भट्ट बोले- जनता ने कांग्रेस को नकारा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और पार्षदों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
भट्ट ने दावा किया कि भाजपा में शामिल होने का सिलसिला आने वाले दिनों में और तेज होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।
धन सिंह रावत के लिए बढ़ी राजनीतिक ताकत
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का राजनीतिक क्षेत्र है। ऐसे में मेयर और 10 पार्षदों का भाजपा में शामिल होना आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्रीनगर सीट पर धन सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच राजनीतिक मुकाबला लंबे समय से चर्चा में रहा है। ऐसे में स्थानीय निकाय के निर्वाचित प्रतिनिधियों का भाजपा के साथ आना धन सिंह रावत के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस के सामने संगठन मजबूत करने की चुनौती
भाजपा जहां इस घटनाक्रम को अपने बढ़ते जनाधार के तौर पर देख रही है, वहीं कांग्रेस के सामने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में संगठन और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को मजबूत बनाए रखने की चुनौती बढ़ सकती है।
विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन मेयर और पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
पहले निर्दलीय चुनाव जीत चुकी हैं आरती भंडारी
गौरतलब है कि 2025 के उत्तराखंड नगर निगम चुनाव में आरती भंडारी को भाजपा की ओर से मेयर पद का टिकट नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
आरती भंडारी इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू की ब्लॉक प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वहीं, लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
