‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला छात्रों का जोरदार समर्थन, 35 हजार से अधिक निबंध पोर्टल पर अपलोड
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला छात्रों का जोरदार समर्थन, 35 हजार से अधिक निबंध पोर्टल पर अपलोड
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक राज्यभर के 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं। अभियान के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी उत्तराखंड के भविष्य और विकास को लेकर अपने विचार साझा कर रहे हैं।
8 विषयों पर विद्यार्थी रख रहे अपनी राय
अभियान में विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी विकास समेत आठ विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है, जिससे छात्रों में अभियान को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।
10 अगस्त को मुख्यमंत्री ने किया था आह्वान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को करीब तीन लाख 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इसी दौरान उन्होंने छात्रों से राज्य के विकास को लेकर अपने विजन को निबंध के रूप में ऑनलाइन साझा करने का आह्वान किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों के विचारों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में विचार किया जाएगा।
140 श्रेष्ठ विचारों पर मुख्यमंत्री और अधिकारियों के साथ मंथन
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचार देने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शासन के वरिष्ठ सचिवों के साथ विचार-विमर्श का अवसर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को अपने विचार सीधे नीति-निर्माण से जुड़े अधिकारियों के सामने रखने का मौका मिलेगा।
सरकार ने श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए कैरियर और परीक्षा तैयारियों में स्कॉलरशिप समेत अन्य पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।
हर मिनट पोर्टल पर पहुंच रही प्रविष्टियां
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के मुताबिक, सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐसा अभियान है जिसमें Gen Z और Gen Alpha, दोनों पीढ़ियों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लगातार निबंध पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं।
24 अगस्त तक भेज सकेंगे निबंध
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में शामिल होने के लिए विद्यार्थी 24 अगस्त तक अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। इससे सरकार की ओर से इस अभियान को दी जा रही प्राथमिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
