उत्तराखंड

तमक नाले में लापता हवलदार पंकज की तलाश तेज, अत्याधुनिक रडार से हो रही जांच

तमक नाले में लापता हवलदार पंकज की तलाश तेज, अत्याधुनिक रडार से हो रही जांच

ज्योतिर्मठ। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र में ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के हवलदार पंकज की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू और सर्च अभियान जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में पुलिस, SDRF, NDRF, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

तेज बहाव में लापता हुए थे हवलदार पंकज

बताया गया है कि 123 इकाई में तैनात चालक पंकज तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद से रेस्क्यू टीमें तमक नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं, नदी के किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही हैं।

50 से ज्यादा जवान और एक्सकेवेटर जुटे

सर्च ऑपरेशन में तीन एक्सकेवेटर के साथ गढ़वाल राइफल्स और 123 इकाई के 50 से अधिक जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा NDRF और SDRF की टीमें तथा दो प्रशिक्षित सर्च एंड रेस्क्यू डॉग भी अभियान में शामिल हैं। दुर्गम इलाकों में संभावित स्थानों की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद भी ली जा रही है।

GPR रडार से मलबे के नीचे तलाश

रेस्क्यू टीम भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाकर संभावित स्थानों की गहन जांच कर रही है। इसके साथ ही Ground Penetrating Radar (GPR) समेत आधुनिक सर्च और डिटेक्शन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

नाले से आगे नदी के किनारों तक सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है। नदी के दोनों किनारों पर व्यवस्थित तरीके से खोजबीन की जा रही है, ताकि कोई संभावित स्थान जांच से छूट न जाए।

हर संभावित जगह की बारीकी से जांच

रेस्क्यू टीमों ने संभावित स्थानों को चिन्हित कर क्रमवार सर्चिंग शुरू की है। मलबा हटाने के साथ तकनीकी उपकरणों और प्रशिक्षित टीमों की मदद से भी लगातार तलाश की जा रही है।

जिला प्रशासन पूरे अभियान की निगरानी कर रहा है और मौके पर मौजूद टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लापता हवलदार पंकज की जल्द तलाश प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है। तमक नाले से लेकर नदी के किनारों तक सघन खोज अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *