उत्तराखंड

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: कल्पेश्वर मंदिर में घुसा मलबा, पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग भी बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: कल्पेश्वर मंदिर में घुसा मलबा, पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग भी बंद

उत्तराखंड में पिछले चार-पांच दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। चमोली और पौड़ी समेत कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि भूस्खलन और मलबा आने से कई मोटर मार्ग बाधित हो गए हैं। चमोली जिले में पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन होने से मंदिर परिसर में मलबा घुस गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर भारी भूस्खलन

जोशीमठ ब्लॉक स्थित कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर लगातार बारिश के चलते देर रात पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक गया। भारी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जा पहुंचा। मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी के मुताबिक, कई टन मलबा गिरने से परिसर को काफी नुकसान पहुंचा है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। तहसील प्रशासन को भी इसकी सूचना दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम नुकसान का आकलन करने के साथ ही हालात के मुताबिक आगे की कार्रवाई करेगी।

गौशाला ढही, मवेशियों की बची जान

वहीं, गैरसैंण विकासखंड के कुनीगाड़ क्षेत्र के कल्याणा मल्ला गांव में भी मूसलाधार बारिश के कारण एक गौशाला ध्वस्त हो गई। गनीमत रही कि गौशाला मालिक रतन सिंह ने मौसम खराब होने और खतरे की आशंका को देखते हुए पहले ही अपने मवेशियों को दूसरी जगह बांध दिया था। इससे किसी मवेशी की जान नहीं गई।

पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर मलबा, यातायात प्रभावित

पौड़ी में भी देर रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं पौड़ी-देवप्रयाग मोटरमार्ग पर सौड़ के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पेड़ सड़क पर आ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने मशीन मौके पर भेजी और मलबा हटाने का काम शुरू किया। हालांकि, भारी मात्रा में पत्थर, मलबा और पेड़ होने के कारण सड़क खोलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

देवप्रयाग थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और यातायात व्यवस्था संभाल रही है। लोक निर्माण विभाग की टीम मार्ग को जल्द से जल्द आवाजाही के लिए खोलने का प्रयास कर रही है।

लगातार बारिश से बढ़ी चुनौती

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। प्रशासन और बचाव एजेंसियां संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *