चमोली में THDC की टनल धंसी, 18-20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका; 8 सुरक्षित निकाले गए
चमोली में THDC की टनल धंसी, 18-20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका; 8 सुरक्षित निकाले गए
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में बड़ा हादसा हुआ है। यहां THDC (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) की एक टनल में अचानक मलबा और पानी आने से कई मजदूरों के फंसने की सूचना है। जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टनल के अंदर करीब 18 से 20 मजदूर मौजूद थे। मलबे और पानी के आने से टनल के भीतर काम कर रहे मजदूरों के वाहन भी फंस गए।
NDRF और SDRF की टीमें मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं।
प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। टनल के अंदर की स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को सावधानी के साथ अभियान आगे बढ़ाना पड़ रहा है।
सीएम धामी ने अधिकारियों से ली जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा और पानी आने की सूचना मिली है।
मुख्यमंत्री ने घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल मौके पर भेजने और जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
धामी ने कहा कि वह स्वयं अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की कोशिश टनल में फंसे सभी मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की है। हादसे के कारणों और टनल के अंदर पानी व मलबा आने की परिस्थितियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
