उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने की पहल, केंद्र ने प्रस्तावों पर कार्रवाई का दिया भरोसा
उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने की पहल, केंद्र ने प्रस्तावों पर कार्रवाई का दिया भरोसा
देहरादून: उत्तराखंड की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों के पास जांच और विचार के लिए भेज दिया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री धामी को इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि प्रस्तावों का आवश्यक परीक्षण किया जा रहा है।
चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 24 जुलाई 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर राज्य की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने का अनुरोध किया था।
इनमें सिकुड़ा बैंड से एनटीडी (अल्मोड़ा) तक करीब एक किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग को, जिसमें सुरंग का निर्माण भी शामिल है, राष्ट्रीय राजमार्ग-309बी के स्पर के रूप में मंजूरी देने का प्रस्ताव शामिल है।
इसके अलावा सेराघाट-बाड़ेछीना मोटर मार्ग (45 किलोमीटर) और मरचूला-भिकियासैंण मोटर मार्ग (72 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में शामिल करने का अनुरोध किया गया है।
वहीं, कालसी-चकराता मोटर मार्ग (44 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए और 507 के स्पर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी केंद्र को भेजा गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाना है। इन मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने से स्थानीय लोगों की आवाजाही के साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से दूरदराज के क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।
‘प्रस्तावों पर जल्द निर्णय की उम्मीद’
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग पर भरोसा जताते हुए कहा कि संबंधित प्रस्तावों के परीक्षण के बाद इन पर जल्द सकारात्मक निर्णय होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के सड़क ढांचे को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
धामी ने राज्य की विकास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों पर कार्रवाई के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार भी जताया।
