उत्तराखंड

उत्तराखंड में साइबर ठगी पर कसने लगा शिकंजा: RBI और उत्तराखंड पुलिस ने बनाई 24×7 संयुक्त रणनीति

उत्तराखंड में साइबर ठगी पर कसने लगा शिकंजा: RBI और उत्तराखंड पुलिस ने बनाई 24×7 संयुक्त रणनीति

​देहरादून:

उत्तराखंड में तेजी से बढ़ते साइबर वित्तीय अपराधों और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और उत्तराखंड पुलिस ने हाथ मिलाया है। साइबर वित्तीय अपराधों की रोकथाम, ठगी की रकम की जल्द रिकवरी और त्वरित कार्रवाई के लिए दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

​पुलिस महानिरीक्षक (STF/साइबर) निलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में साइबर अपराधियों पर नकेल कसने और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए।

​बैठक में लिए गए मुख्य फैसले:

​24×7 राउंड-द-क्लॉक रिस्पॉन्स मैकेनिज्म: साइबर धोखाधड़ी की सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लेने के लिए पुलिस और बैंकों के बीच 24 घंटे काम करने वाला समन्वय तंत्र विकसित किया जाएगा।

​छुट्टियों के दिन भी तैनात होंगे नोडल अफसर: शनिवार, रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों के दिन भी कार्रवाई न रुके, इसके लिए सभी बैंकों में ड्यूटी पर या ऑन-कॉल ‘नोडल अधिकारी’ तैनात किए जाएंगे।

​’गोल्डन आवर’ में फ्रीज होगी रकम: साइबर ठगी के तुरंत बाद के समय (Golden Hour) में सूचना मिलते ही बैंक पीड़ित के पैसे को तुरंत होल्ड या फ्रीज करेंगे, ताकि ठग रकम को निकाल न सकें।

​80 करोड़ रुपये होल्ड, पीड़ितों को जल्द मिलेगी रकम

​एसएसपी (STF) अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े करीब 80 करोड़ रुपये अलग-अलग स्तरों पर फ्रीज/होल्ड कराए जा चुके हैं। कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह राशि पीड़ितों के खातों में वापस कराने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

​म्यूल अकाउंट्स (Mule Accounts) पर रहेगी कड़ी नजर

​आरबीआई (RBI) के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम ने कहा कि ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी व संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) की पहचान और बैंकिंग सिस्टम के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त निगरानी तंत्र बनाया जा रहा है।

​आईजी निलेश आनंद भरणे ने जानकारी दी कि आम जनता, पुलिसकर्मियों और बैंक कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से संयुक्त साइबर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *