ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027: 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर लौटेगा महाकुंभ, 12 वेन्यू और नए फॉर्मेट का हुआ ऐलान
ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027: 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर लौटेगा महाकुंभ, 12 वेन्यू और नए फॉर्मेट का हुआ ऐलान
जोहान्सबर्ग:
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 30 जुलाई को आगामी ODI वर्ल्ड कप 2027 के आधिकारिक ब्रांड और 12 मेजबान वेन्यू (स्टेडियम) का भव्य ऐलान कर दिया है। पूरे 24 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट का यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट एक बार फिर अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित होने जा रहा है। इस बार साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से इस वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे।
जोहान्सबर्ग में आयोजित एक विशेष समारोह में इन वेन्यू की घोषणा की गई। 14वें संस्करण के तहत साउथ अफ्रीका के 8 शहरों, जिम्बाब्वे के 3 और नामीबिया की राजधानी विंडहोक को अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी का जिम्मा दिया गया है।
केन्या की जगह इस बार नामीबिया बना सह-मेजबान
इससे पहले अफ्रीका ने साल 2003 में ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, जब साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या सह-मेजबान थे। इस बार केन्या की जगह नामीबिया को शामिल किया गया है। नामीबिया के क्रिकेट इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब वह किसी वरिष्ठ (सीनियर) ICC टूर्नामेंट का आयोजन करेगा।
ICC के चेयरमैन जय शाह ने इस मौके पर कहा, “24 साल बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की अफ्रीका में वापसी क्रिकेट के लिए एक मील का पत्थर है। host शहरों और टूर्नामेंट ब्रांड का अनावरण प्रशंसकों को एकजुट करने और दुनिया के सबसे बड़े आयोजन के प्रति उत्सुकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।”
नया ‘थ्री-स्टेज’ फॉर्मेट और 57 मुकाबले
2027 के ODI वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें भाग लेंगी और कुल 57 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए ICC ने एक नया थ्री-स्टेज (Three-Stage) फॉर्मेट पेश किया है:
सुपर सीरीज (राउंड 1): टूर्नामेंट की शुरुआत में 12वीं से 14वीं रैंक वाली तीन टीमें आपस में राउंड-रॉबिन मैच खेलेंगी। इसमें शीर्ष पर रहने वाली विजेता टीम मुख्य दौर में प्रवेश करेगी।
ग्रुप स्टेज (राउंड 2 – 30 मैच): क्वालीफाई हुई 12 टीमों को 6-6 के दो समूहों में विभाजित किया जाएगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष 3-3 टीमें और दोनों ग्रुप को मिलाकर अगली सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली 7वीं टीम अगले राउंड में पहुंचेगी।
सुपर-7 स्टेज (राउंड 3 – 21 मैच): सात टीमों के बीच कुल 21 मुकाबले होंगे। इनमें से शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी (नंबर 1 का मुकाबला नंबर 4 से, और नंबर 2 का मुकाबला नंबर 3 से होगा)।
वर्ल्ड कप 2027 के सभी 12 आधिकारिक वेन्यू:
साउथ अफ्रीका (8 वेन्यू):
वांडरर्स स्टेडियम (जोहान्सबर्ग)
सेंचुरियन (त्शवाने)
न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केप टाउन)
किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन)
सेंट जॉर्ज पार्क (गेबेरहा)
मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोनटेन)
बोलैंड पार्क (पार्ल)
बफेलो पार्क (कुगोम्पो सिटी – पूर्व नाम ईस्ट लंदन)
जिम्बाब्वे (3 वेन्यू):
9. हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे)
10. क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो)
11. फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स)
नामीबिया (1 वेन्यू):
12. नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक)
