CJP विरोध प्रदर्शन में विदेशी फंडिंग के दावों पर विदेश मंत्रालय की सफाई, फैक्ट चेक यूनिट ने वायरल पोस्ट को बताया गुमराह करने वाला
CJP विरोध प्रदर्शन में विदेशी फंडिंग के दावों पर विदेश मंत्रालय की सफाई, फैक्ट चेक यूनिट ने वायरल पोस्ट को बताया गुमराह करने वाला
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में कथित विदेशी फंडिंग से जुड़े दावों पर विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया गया है। मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के बयानों को गलत तरीके से पेश कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
बयान को गलत तरीके से किया गया पेश
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दो हफ्ते पहले हुई मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल द्वारा दिए गए वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर फैलाया गया। वायरल पोस्ट में यह दावा किया गया था कि विदेश मंत्रालय ने विदेशी फंडिंग की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए खुफिया जांच का हवाला दिया है, जो कि सरासर गलत है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने असल में क्या कहा था?
विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने आधिकारिक रुख को दोहराते हुए साफ किया कि प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब CJP के विरोध प्रदर्शन की फंडिंग को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उनका सटीक जवाब था:
”विदेशी फंडिंग के आरोपों और चल रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़े अन्य दावों के बारे में आपने जो बात उठाई है, उसके संबंध में मैं यह कहना चाहूंगा कि इस समय मेरे पास आपके साथ साझा करने के लिए इस मामले में किसी तरह की जानकारी नहीं है।”
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रवक्ता ने कभी भी यह बयान नहीं दिया कि जांच में ‘विदेशी फंडिंग की बात खारिज हो गई है’। बिना दिए गए बयान को प्रवक्ता से जोड़कर प्रसारित करना पूरी तरह भ्रामक है।
गौरतलब है कि देश भर में चले लगभग 50 दिनों के इस लंबे छात्र आंदोलन के दबाव में हाल ही में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।
