2027 में लॉन्च होगी पियाजियो की नई स्कूटर सीरीज, होंडा एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर से होगा मुकाबला
2027 में लॉन्च होगी पियाजियो की नई स्कूटर सीरीज, होंडा एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर से होगा मुकाबला
प्रीमियम स्कूटरों के लिए मशहूर पियाजियो अब भारतीय बाजार के बड़े वर्ग को साधने के लिए किफायती (कम्यूटर) स्कूटरों की नई सीरीज ला रही है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वह वर्ष 2027 की पहली छमाही में इन्हें भारतीय ऑटो बाजार में उतारेगी। इन स्कूटरों का सीधा मुकाबला होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर और सुजुकी एक्सेस जैसे लोकप्रिय मॉडलों से होगा।
भारत के लिए तैयार हो रहा खास प्लेटफॉर्म
पियाजियो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डिएगो ग्रैफी के अनुसार, कंपनी पूरी तरह भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर एक नया प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। इसके तहत एक ही ब्रांड नेम के अंतर्गत ग्राहकों की अलग-अलग पसंद और बजट के हिसाब से कई मॉडल उतारे जाएंगे।
वर्तमान में कंपनी भारत में ‘वेस्पा’ ब्रांड के प्रीमियम स्कूटर बेचती है, जिनकी शुरुआती कीमत 1.20 लाख रुपये से अधिक है। ग्रैफी ने माना कि केवल प्रीमियम सेगमेंट से बड़ा बाजार हासिल नहीं किया जा सकता। इसलिए कंपनी अब रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले किफायती स्कूटर पेश कर बड़े ग्राहक वर्ग तक पहुंचेगी।
बारामती प्लांट में होगा उत्पादन
नई सीरीज के सभी स्कूटरों का निर्माण महाराष्ट्र के बारामती स्थित पियाजियो प्लांट में किया जाएगा। शुरुआत में कंपनी का मुख्य फोकस भारतीय बाजार पर ही रहेगा, हालांकि भविष्य में अफ्रीकी देशों में इनके निर्यात की भी योजना है।
दूसरी ओर, भारतीय स्कूटर बाजार में पेट्रोल के साथ-साथ टीवीएस आईक्यूब, बजाज चेतक और एथर रिज्टा जैसे EV स्कूटरों का दबदबा भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पियाजियो के इस नए कदम से कम्यूटर स्कूटर सेगमेंट में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
