मनोरंजन

निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा के प्रपोजल को हुए 8 साल, सिंगर ने थ्रोबैक तस्वीर शेयर कर लिखा- ‘उसने हाँ कहा था’

निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा के प्रपोजल को हुए 8 साल, सिंगर ने थ्रोबैक तस्वीर शेयर कर लिखा- ‘उसने हाँ कहा था’

​ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी सिंगर-अभिनेता निक जोनस की जोड़ी फैंस की पसंदीदा जोड़ियों में से एक है। हाल ही में निक जोनस ने प्रियंका चोपड़ा को शादी के लिए प्रपोज करने के आठ साल पूरे होने के खास मौके पर पुरानी यादें ताजा की हैं। निक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रपोजल नाइट की एक बेहद प्यारी थ्रोबैक सेल्फी साझा की है।

​तस्वीर में निक कैमरे की तरफ मुस्कुरा रहे हैं, जबकि प्रियंका अपने चेहरे को हाथ से छिपाते हुए अपनी चमचमाती सगाई की अंगूठी फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। निक ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “8 सालों पहले उसने हाँ कहा था।” निक की इस पोस्ट को रीशेयर करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने भी प्यार जताते हुए लिखा, “मुझे बहुत खुशी है कि आपने यह पूछा।”

​लंदन का पूरा स्टोर करा दिया था बंद

​निक जोनस ने 19 जुलाई 2018 को प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज किया था। अपनी लेडी लव के लिए परफेक्ट इंगेजमेंट रिंग चुनने के लिए निक ने लंदन में टिफ़नी एंड कंपनी (Tiffany & Co.) का पूरा स्टोर ही बंद करा दिया था। इसके बाद दिसंबर 2018 में दोनों ने जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से भव्य शादी रचाई थी। जनवरी 2022 में इस जोड़े ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का दुनिया में स्वागत किया।

​निक को ‘बाबू’ बुलाती हैं प्रियंका

​हाल ही में ‘द जोनस ब्रदर्स पॉडकास्ट’ में नजर आईं प्रियंका ने अपने रिश्ते को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए। प्रियंका ने बताया कि निक उनके “सेफ स्पेस” हैं और जब निक साथ होते हैं, तो वह पूरी तरह बेफिक्र होकर सारी जिम्मेदारियां उन्हें सौंप देती हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि वह निक को प्यार से “बाबू” कहकर बुलाती हैं।

​स्पेन में मनाया 44वां जन्मदिन, जल्द ‘वाराणसी’ में आएंगी नजर

​हाल ही में 18 जुलाई को प्रियंका चोपड़ा ने अपना 44वां जन्मदिन स्पेन में अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ सेलिब्रेट किया है। वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका जल्द ही दिग्गज डायरेक्टर एस.एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वे साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के साथ ‘मंदाकिनी’ का मुख्य किरदार निभाती दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *