फिल्म ‘वाराणसी’ से प्रियंका चोपड़ा का फर्स्ट लुक आउट: ‘मंदाकिनी’ के इंटेंस और बेफिक्र अवतार में दिखीं देसी गर्ल
फिल्म ‘वाराणसी’ से प्रियंका चोपड़ा का फर्स्ट लुक आउट: ‘मंदाकिनी’ के इंटेंस और बेफिक्र अवतार में दिखीं देसी गर्ल
ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा के जन्मदिन के खास मौके पर फैंस को एक बड़ा सरप्राइज मिला है। दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली और फिल्म ‘वाराणसी’ की पूरी टीम ने अभिनेत्री का पहला लुक जारी कर दिया है, जिसमें वे ‘मंदाकिनी’ के किरदार में बेहद प्रभावशाली नजर आ रही हैं।
मशहूर निर्देशक राजामौली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियंका चोपड़ा की दो तस्वीरें शेयर की हैं, जो उनके किरदार के दो अलग-अलग पहलुओं को बयां करती हैं।
प्रियंका के दो बिल्कुल जुदा अवतार आए सामने
जारी की गई पहली तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा एक बेहद इंटेंस (गंभीर) और पावरफुल अवतार में नजर आ रही हैं। काले रंग की कॉर्सेट-स्टाइल आउटफिट और तीखे एक्सप्रेशंस के साथ गर्म एम्बर लाइट वाले बैकग्राउंड में खींची गई यह तस्वीर ‘मंदाकिनी’ के किरदार की ताकत और गहराई को दर्शाती है।
वहीं, दूसरी तस्वीर इसके बिल्कुल उलट है, जिसमें प्रियंका बेहद बेफिक्र और मस्तमौला अंदाज में नजर आ रही हैं। व्हाइट क्रॉप टॉप, ब्लैक कार्गो पैंट और कंधों पर बेज जैकेट पहने एक्ट्रेस हाथ फैलाकर हवा में उछलती हुई दिख रही हैं, जो उनके किरदार के जिंदादिल पहलू को दिखाता है।
राजामौली ने बांधे तारीफों के पुल
प्रियंका की इन तस्वीरों को साझा करते हुए निर्देशक एस.एस. राजामौली ने उनके किरदार की तारीफ में एक खास कैप्शन लिखा। उन्होंने लिखा, “जब वह मुस्कुराती है तो बहुत प्यारी और सुकून देने वाली लगती है और जब नहीं मुस्कुराती, तो उसके गुस्से और तेवर आग जैसे लगते हैं।”
निर्देशक के अलावा फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पैन-इंडिया एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन ने भी अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रियंका के इस फर्स्ट लुक को शेयर कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
भारतीय सिनेमा में प्रियंका की ग्रैंड वापसी
इस मेगा-बजट फिल्म ‘वाराणसी’ के जरिए प्रियंका चोपड़ा लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा के पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म में उनके साथ महेश बाबू ‘रुद्र’ नाम के एक शक्तिशाली किरदार में नजर आएंगे, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन ‘कुंभा’ नाम के खूंखार विलेन की भूमिका निभाते दिखेंगे।
शुरुआती दौर में इस फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘ग्लोबट्रॉटर’ बताया जा रहा था। हालांकि, पिछले साल 13 नवंबर को हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में हजारों फैंस की मौजूदगी में एक भव्य इवेंट के दौरान इसके आधिकारिक नाम ‘वाराणसी’ का खुलासा किया गया था। सिनेमा जगत और दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर भारी उत्सुकता है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म अगले साल अप्रैल में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
