फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ का दमदार ट्रेलर रिलीज: कीटनाशक आधारित खेती के खतरों और सामाजिक संघर्ष की कहानी
फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ का दमदार ट्रेलर रिलीज: कीटनाशक आधारित खेती के खतरों और सामाजिक संघर्ष की कहानी
काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की मुख्य भूमिकाओं से सजी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। यह फिल्म कीटनाशक आधारित खेती और उसके समाज व मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर व जानलेवा प्रभावों जैसे बेहद संवेदनशील और अहम मुद्दे को सामने लाती है। दमदार ड्रामा, प्रभावशाली अभिनय और एक गहरे सामाजिक संदेश से भरपूर यह ट्रेलर साहस, न्याय और व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष की एक प्रेरणादायक कहानी की झलक पेश करता है।
ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे द्वारा किया गया है। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज़ होगी।
निर्देशक चेतन डीके ने कहा- “यह सिर्फ फिल्म नहीं, एक ज़रूरी बातचीत है”
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म के निर्देशक चेतन डीके ने कहा, “द इंडिया स्टोरी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी बातचीत की शुरुआत है, जो आज के समय में बेहद ज़रूरी है। इस कहानी के माध्यम से हमने उस समस्या पर रोशनी डालने की कोशिश की है, जो चुपचाप (स्लो पॉइज़न की तरह) हर घर को प्रभावित कर रही है। ट्रेलर सच्चाई, साहस और संघर्ष की इस ताकतवर यात्रा की एक झलक मात्र है। हमें पूरी उम्मीद है कि यह दर्शकों को सोचने, सवाल उठाने और अपने आसपास की हकीकत को समझने के लिए प्रेरित करेगा।”
मुश्किलों के बीच सच की लड़ाई है यह फिल्म: काजल अग्रवाल
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “द इंडिया स्टोरी का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास और अर्थपूर्ण रहा है। मेरा किरदार हर मुश्किल के बावजूद सच का साथ देता है और यही इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी (ताकत) है। मुझे उम्मीद है कि यह ट्रेलर दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाएगा और उन्हें इस जरूरी कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित करेगा।”
उम्मीद और हौसले की कहानी: श्रेयस तलपड़े
अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने ट्रेलर के बारे में बात करते हुए कहा, “इस ट्रेलर में ‘द इंडिया स्टोरी’ का भावनात्मक पक्ष पूरी मजबूती से उभरकर सामने आता है। यह एक आम इंसान की असाधारण चुनौती के खिलाफ उम्मीद और हौसले के साथ लड़ी गई लड़ाई की कहानी है। मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शक इसकी भावनाओं और संदेश से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे और 24 जुलाई को सिनेमाघरों में इस फिल्म का अनुभव लेने के लिए थिएटर तक जरूर आएंगे।”
फिल्म की मज़बूत तकनीकी टीम और सह-निर्माता
इस बड़े सामाजिक संदेश वाली फिल्म को बनाने में एक मजबूत तकनीकी टीम ने सहयोग दिया है। फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। वहीं पर्दे के पीछे की कमान सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, एडिटर आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आज़मी और साउंड डिज़ाइनर अनमोल भावे ने संभाली है।
