डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा: सलमान खान ने किया SRA के आधुनिक आईटी सर्वर रूम का उद्घाटन, लाभार्थियों को सौंपी घरों की चाबियां
डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा: सलमान खान ने किया SRA के आधुनिक आईटी सर्वर रूम का उद्घाटन, लाभार्थियों को सौंपी घरों की चाबियां
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने शुक्रवार रात मुंबई स्थित स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (एसआरए) कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एसआरए के आधुनिक डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक सुविधा डिजिटल प्रशासन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे एसआरए की ई-गवर्नेंस पहल को एक नई मजबूती मिलेगी।
50 से अधिक लाभार्थियों को मिले स्थायी आशियाने
इस खास मौके पर सलमान खान ने झुग्गी पुनर्वास योजना के लाभार्थियों को उनके स्थायी घरों की चाबियां भी सौंपीं। एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. महेंद्र कल्याणकर की गरिमामयी मौजूदगी में अभिनेता ने 50 से अधिक लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां प्रदान कीं। अपना खुद का पक्का घर मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
एसआरए कॉफी टेबल बुक का विमोचन
इस अवसर पर सलमान खान ने एसआरए की एक विशेष ‘कॉफी टेबल बुक’ का भी विमोचन किया। इस पुस्तक में एसआरए के कामकाज, सफल पुनर्वास की कहानियों, विभिन्न विकास परियोजनाओं और संस्था की अब तक की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। यह प्रकाशन नागरिकों, हितधारकों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के लिए एसआरए के कार्यों और विजन को गहराई से समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगा।
यह दौरा महाराष्ट्र सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है, जिसके तहत झुग्गी पुनर्वास मिशन को आधुनिक तकनीक, पारदर्शी व्यवस्था और जन-केंद्रित प्रशासन के जरिए झुग्गी-मुक्त मुंबई के सपने को साकार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अभिनेता को एसआरए की विभिन्न आगामी योजनाओं और पहलों की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिससे वह काफी संतुष्ट नजर आए।
सामाजिक कार्यों में योगदान और आगामी फिल्में
फिल्मों के साथ-साथ सलमान खान लंबे समय से अपने एनजीओ और व्यक्तिगत स्तर पर समाजसेवा से जुड़े रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल कल्याण और जरूरतमंद लोगों की आर्थिक मदद जैसे कई सामाजिक कार्यों में उनका निरंतर योगदान रहा है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। इसके अलावा उनके कई बड़े प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं, जिनकी आधिकारिक घोषणा आने वाले महीनों में होने की उम्मीद है।
