अन्तर्राष्ट्रीय

बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; दम घुटने और इमरजेंसी एग्जिट न मिलने से हुआ बड़ा हादसा

बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; दम घुटने और इमरजेंसी एग्जिट न मिलने से हुआ बड़ा हादसा

​बैंकॉक:

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चतुचक जिले में लाट फ्राओ रोड पर स्थित एक पब में रविवार देर रात भीषण आग लगने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। थाई मीडिया के अनुसार, आग स्थानीय समयानुसार रविवार रात करीब 11:57 बजे लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पब के भीतर भारी तबाही मच चुकी थी। न्यूज़ एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

​22 घायलों की हालत नाजुक, मृतकों में 18 महिलाएं शामिल

​बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपंट ने सोमवार को घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मीडिया को बताया कि इस दर्दनाक हादसे में घायल हुए 63 लोगों में से 22 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक 27 मृतकों में से केवल 6 की ही आधिकारिक पहचान हो सकी है। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश के शव पब के टॉयलेट के पास से बरामद हुए हैं।

​धमाके के बाद फैला जहरीला धुआं, मोबाइल फोन से हो रही पहचान

​हादसे में जीवित बचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से घना धुआं निकलते देखा गया था। इसके तुरंत बाद पब की बत्ती गुल हो गई और एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। गवर्नर चैडचार्ट ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार पब की छत पूरी तरह जल चुकी है। चूंकि अंदर प्लास्टिक का सामान और अन्य सामग्रियां थीं, इसलिए वहां बेहद जहरीला धुआं फैल गया। बिजली कटने के कारण अंधेरे में लोग रास्ता भटक गए और जहरीले धुएं की चपेट में आने से ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई।

​राहत और बचाव कार्य के दौरान टीम को मौके से कई मोबाइल फोन मिले हैं। इन फोनों पर लगातार आ रहे रिश्तेदारों और दोस्तों के कॉल का जवाब देकर बचाव दल पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने का प्रयास कर रहा है।

​जांच के घेरे में पब प्रबंधन

​थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल भी सोमवार सुबह तड़के 1:44 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस पब के पास लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस वाले रेस्टोरेंट का लाइसेंस था और नियमों के मुताबिक इसमें दो इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास) मौजूद थे। अधिकारी अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रहे हैं कि क्या आग लगने के समय पब का कोई इमरजेंसी एग्जिट गेट बंद था, जिसके कारण लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *