उत्तराखंड को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने विकास कार्यों के लिए ₹495 करोड़ मंजूर किए, कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी बढ़ाया
उत्तराखंड को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने विकास कार्यों के लिए ₹495 करोड़ मंजूर किए, कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी बढ़ाया
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास को नई रफ्तार देने के लिए ₹495 करोड़ की भारी-भरकम वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. इस बजट का उपयोग कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, राज्य के विभिन्न जिलों में सड़कों के निर्माण व सुधारीकरण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और स्थानीय निकायों व जिला पंचायतों के विकास कार्यों के लिए किया जाएगा.
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी और महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के नाम बदलने को भी मंजूरी दी है.
कुम्भ मेला-2027 और प्रमुख विकास योजनाओं के लिए बड़ा बजट
कुम्भ मेला-2027: कुम्भ मेले के दौरान विश्वसनीय और निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए ₹43.87 करोड़ मंजूर किए गए हैं, जिसकी पहली किश्त के रूप में ₹17.55 करोड़ जारी कर दिए गए हैं.
शहरी स्थानीय निकाय और जिला पंचायतें: वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय त्रैमासिक किश्त (जुलाई से सितंबर 2026) के लिए शहरी स्थानीय निकायों को ₹328.28 करोड़ और समस्त जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की तदर्थ धनराशि स्वीकृत की गई है.
रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग: नैनीताल जिले के रामनगर स्थित पुरानी तहसील की खाली जमीन पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के लिए ₹38.58 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं.
31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर: आर.टी.सी और बैरक निर्माण के लिए ₹19.91 करोड़ मंजूर हुए हैं, जिसमें से पहली किश्त के रूप में ₹3.14 करोड़ को हरी झंडी दे दी गई है.
विधानसभा क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों का कायाकल्प
नरेन्द्र नगर: भारपुर पोंथ मोटर मार्ग (4.075 किमी) का पुनर्निर्माण के लिए ₹3.08 करोड़ मंजूर किए गए हैं.
सल्ट (अल्मोड़ा): शिव मन्दिर, भिकियासैंण का निर्माण व सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिसकी प्रथम किश्त ₹32.10 लाख होगी.
धारचूला (पिथौरागढ़): जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण के लिए ₹80.35 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से प्रथम किश्त ₹48.21 लाख होगी.
द्वाराहाट (अल्मोड़ा): चौखुटिया के मांसी में रामपादुका मंदिर पर स्नान घाट निर्माण के लिए ₹37.60 लाख की अवशेष धनराशि को मंजूरी दी गई है.
चम्पावत: महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60.00 लाख (प्रथम किश्त ₹36.00 लाख) और एडवेंचर पार्क के निर्माण के लिए ₹3.05 करोड़ मंजूर किए गए हैं.
हरिद्वार: कनखल के चौक बाजार और लाटोवाली में सी.सी. मार्ग निर्माण के लिए कुल ₹83.00 लाख स्वीकृत किए गए हैं.
लक्सर: सत्संग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर मार्ग का सुधारीकरण के लिए ₹3.72 करोड़ की मंजूरी मिली है.
सितारगंज (ऊधमसिंहनगर): गोविन्दनगर, रजनीनगर, गऊघाट और पुरानी मंडी के विभिन्न मार्गों का पुनर्निर्माण के लिए ₹5.68 करोड़ से अधिक का बजट तय किया गया है.
पिथौरागढ़ (गुंजी): भारत-चीन सीमा पर स्थित ग्राम गुंजी का सर्वांगीण विकास (चतुर्थ चरण) के लिए ₹4.62 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं.
देहरादून: संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) भवन के दूसरे तल का निर्माण के लिए ₹5.38 करोड़ की धनराशि तय हुई है.
डीडीहाट (पिथौरागढ़): सिविल जज न्यायालय परिसर में शिशु गृह की स्थापना के लिए ₹96 हजार की मंजूरी दी गई है.
राज्य कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी: बढ़ा महंगाई भत्ता (DA)
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार और स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को मंजूरी दे दी है, जो 5वें और 6ठें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पा रहे हैं. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी:
पांचवां वेतनमान: डीए की मौजूदा दर को 474% से बढ़ाकर 483% प्रति माह कर दिया गया है, जिसमें 9% की वृद्धि हुई है.
छठवां वेतनमान: डीए की मौजूदा दर को 257% से बढ़ाकर 262% प्रति माह कर दिया गया है, जिसमें 5% की वृद्धि हुई है.
अल्मोड़ा में दो मोटर मार्गों के नाम बदले
स्थानीय जनभावनाओं और महापुरुषों के सम्मान में मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के दो मार्गों के नाम बदलने का अनुमोदन किया है:
बिडोरा छेवी पातशाही गेट से धूमखेडा मार्ग का नया नाम अब “साहिबजादे फतह सिंह रोड” रखा गया है.
सौनी डौडाखाल तिपोला मोटर मार्ग का नया नाम अब राज्य आंदोलनकारी “स्व. श्री पूरण सिंह डंगवाल मार्ग” किया गया है.
