नथिंग ने लॉन्च किया अपना पहला ‘B’ सीरीज स्मार्टफोन Nothing Phone (4b), साथ में आया स्पेशल RCB एडिशन
नथिंग ने लॉन्च किया अपना पहला ‘B’ सीरीज स्मार्टफोन Nothing Phone (4b), साथ में आया स्पेशल RCB एडिशन
नई दिल्ली: टेक ब्रांड नथिंग (Nothing) ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपनी नई ‘B’ सीरीज की शुरुआत करते हुए अपना पहला स्मार्टफोन Nothing Phone (4b) आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. इस किफायती प्रीमियम स्मार्टफोन के साथ ही कंपनी ने क्रिकेट फैंस के लिए Nothing Phone (4b) RCB Edition भी पेश किया है. रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु की टीम के साथ साझेदारी में बना यह स्पेशल एडिशन विशेष रेड कलर थीम और खास ब्रांडिंग के साथ आता है, जिसे बेंगलुरु स्थित नथिंग फ्लैगशिप स्टोर पर एक लिमिटेड ड्रॉप इवेंट के जरिए आज से ही उपलब्ध कराया गया है.
भारत में कीमत, ऑफर्स और उपलब्धता
नथिंग फोन (4b) को दो स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया गया है, जिसकी आधिकारिक कीमतें इस प्रकार हैं:
8GB रैम + 128GB स्टोरेज (बेस मॉडल): ₹34,999
8GB रैम + 256GB स्टोरेज (टॉप मॉडल): ₹38,999
आकर्षक लॉन्च ऑफर्स:
लॉन्चिंग के मौके पर कंपनी ग्राहकों को 7.5% का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस का लाभ दे रही है. इन ऑफर्स के साथ फोन का प्रभावी शुरुआती दाम (Effective Price) मात्र ₹29,999 (128GB) और ₹33,699 (256GB) हो जाता है.
सेल की तारीख:
इस स्मार्टफोन की ओपन सेल भारत में 14 जुलाई से शुरू होगी. इसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart के साथ-साथ क्रोमा (Croma), रिलायंस डिजिटल (Reliance Digital) और विजय सेल्स (Vijay Sales) जैसे प्रमुख ऑफलाइन स्टोर्स से खरीदा जा सकेगा. यह डिवाइस तीन मुख्य आकर्षक कलर ऑप्शन्स—Black, Blue और White में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
Nothing Phone (4b) के मुख्य स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
शानदार डिस्प्ले: इस फोन में 6.77 इंच का Full-HD+ Samsung Super AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. बेहतरीन विजुअल एक्सपीरियंस के लिए इसमें 1000Hz इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट, 480Hz PWM डिमिंग और 2000 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है.
नया सॉफ्टवेयर और लंबा सपोर्ट: यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित नथिंग के लेटेस्ट Nothing OS 4.1 पर काम करता है. नथिंग ने भरोसा दिलाया है कि इस फोन को 3 साल तक बड़े OS अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी पैच अपडेट दिए जाएंगे.
प्रोसेसर और कूलिंग: परफॉर्मेंस को दमदार बनाने के लिए इसमें 4nm प्रोसेस पर तैयार Qualcomm Snapdragon 6 Gen 4 चिपसेट दिया गया है, जो Adreno 810 GPU और एडवांस्ड AI इंजन के साथ आता है. गेमिंग या भारी टास्क के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 4400 वर्ग मिमी एरिया वाला वेपर चेंबर कूलिंग सिस्टम लगाया गया है.
6000mAh की विशाल बैटरी और कैमरा सेटअप
नथिंग की सबसे बड़ी बैटरी: भारतीय वेरिएंट में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो नथिंग के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी है. यह 33W फास्ट चार्जिंग और 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी के मुताबिक, फोन को फुल चार्ज होने में करीब 80 मिनट का समय लगता है.
कैमरा क्षमता: फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें OIS (ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन) और EIS सपोर्ट के साथ 50MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल है. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 16MP का कैमरा दिया गया है. यह फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को भी सपोर्ट करता है.
नया Glyph Bar Interface और कनेक्टिविटी
नथिंग की पहचान इसका यूनीक बैक पैनल है। Phone (4b) के पिछले हिस्से पर नया Glyph Bar Interface दिया गया है, जिसमें 45 मिनी LED लाइट्स का इस्तेमाल हुआ है. यह कॉम्पैक्ट स्ट्रिप सिर्फ डिजाइन के लिए नहीं है, बल्कि यह नोटिफिकेशन अलर्ट, रिकॉर्डिंग लाइट, ग्लिफ टाइमर, वॉल्यूम इंडिकेटर, कैमरा काउंटडाउन, लाइव डिलीवरी ट्रैकिंग और NFC इंडिकेटर जैसे कई स्मार्ट काम करती है.
सुरक्षा के लिए इसमें इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर है. कनेक्टिविटी के लिहाज से यह 5G, Wi-Fi 6, ब्लूटूथ 6.0 और USB Type-C पोर्ट से लैस है. फोन की मोटाई 8.6mm और वजन लगभग 210 ग्राम है.
