Thursday, July 2, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

दिल्ली दहलाने की पाकिस्तानी साजिश नाकाम: ISI समर्थित मॉड्यूल का पर्दाफाश, जिगाना पिस्टल के साथ 4 आतंकी गिरफ्तार

दिल्ली दहलाने की पाकिस्तानी साजिश नाकाम: ISI समर्थित मॉड्यूल का पर्दाफाश, जिगाना पिस्टल के साथ 4 आतंकी गिरफ्तार

​देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के पाकिस्तान के मंसूबों पर दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह पानी फेर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) समर्थित एक बड़े आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में पंजाब और दिल्ली से कुल चार आतंकवादियों को दबोचा है।

​ये सभी आरोपी सीमा पार बैठे अपने आकाओं के सीधे संपर्क में थे और दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैलाने की अंतिम तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में इस्तेमाल हुई कुख्यात तुर्की मेड ‘जिगाना पिस्टल’ (Zagana Pistol) समेत दो अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

​पाकिस्तान में बैठा शाहजाद भट्टी था मास्टरमाइंड

​स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के अनुसार, एसीपी विवेक कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम को पुख्ता तकनीकी और खुफिया इनपुट मिले थे कि पाकिस्तान में शरण लिए हुए आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने स्थानीय गुर्गों के माध्यम से दिल्ली में किसी बड़ी वारदात की फिराक में है।

​इस साजिश को अंजाम देने के लिए शाहजाद भट्टी ने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के स्थानीय युवाओं को पैसों और ड्रग्स का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था। इनपुट की पुष्टि होने के बाद स्पेशल सेल ने तफ्तीश शुरू की और दिल्ली-पंजाब के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।

​अमृतसर से दबोचा गया ड्रोन से हथियार रिसीव करने वाला मुख्य गुर्गा

​स्पेशल सेल ने सबसे पहली और बड़ी कामयाबी पंजाब के अमृतसर अंतर्गत मजीठा रोड इलाके से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर हासिल की।

​बरामदगी: गिरफ्तारी के वक्त शुभदीप के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन मिले।

​पाकिस्तानी कनेक्शन: प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शाहजाद भट्टी नेटवर्क के पाकिस्तानी आकाओं के साथ सीधे एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए जुड़ा हुआ था।

​ड्रोन से तस्करी: वह भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के माध्यम से गिराए जाने वाले हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की खेप को रिसीव करने और उन्हें आगे सप्लाई करने का मुख्य काम संभाल रहा था।

​दिल्ली के धार्मिक स्थलों और पुलिस थानों की कर चुका था रेकी

​शुभदीप से मिली कड़ी पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पंजाब से उसके दो और साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को दबोच लिया, जिनके पास से तुर्की की जिगाना पिस्तौल और चार कारतूस मिले। इसी सिंडिकेट से जुड़े चौथे आतंकी गगनप्रीत को पुलिस ने दिल्ली के एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया।

​चौंकाने वाले खुलासे: गगनप्रीत के मोबाइल फोन से कई चौंकाने वाले विजुअल्स और आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले हैं।

​रेकी की वीडियो पाकिस्तान भेजी: जांच में सामने आया है कि गगनप्रीत दिल्ली के कई महत्वपूर्ण पुलिस स्टेशनों, पुलिस पिकेट्स और प्रमुख धार्मिक स्थलों की विस्तृत रेकी कर चुका था और उनकी संवेदनशील वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज चुका था।

​ताबड़तोड़ फायरिंग का था टास्क: उसे दिल्ली के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत का माहौल पैदा करने का टास्क दिया गया था, जिससे ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने उसे दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *