IMDb की ‘Most Anticipated’ लिस्ट जारी: रणबीर कपूर की ‘रामायणम पार्ट 1’ बनी नंबर वन, शाहरुख और आलिया की फिल्में भी रेस में शामिल
IMDb की ‘Most Anticipated’ लिस्ट जारी: रणबीर कपूर की ‘रामायणम पार्ट 1’ बनी नंबर वन, शाहरुख और आलिया की फिल्में भी रेस में शामिल
साल 2026 के दूसरे हिस्से (जुलाई से दिसंबर) के लिए सिनेमाप्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर है। रणबीर कपूर की ‘रामायणम पार्ट 1’, शाहरुख खान की ‘किंग’, आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ और अजय देवगन की ‘धमाल 4’ जैसी बड़ी और मेगा-बजट फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराने के लिए तैयार हैं। इस बीच, दुनिया की सबसे लोकप्रिय फिल्म वेबसाइट IMDb ने साल 2026 की दूसरी छमाही के लिए ‘मोस्ट अवेटेड भारतीय फिल्मों’ (Most Anticipated Indian Movies) की आधिकारिक लिस्ट जारी कर दी है।
इस नई लिस्ट ने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, क्योंकि नंबर 1 के पायदान पर पहुंची फिल्म ने न सिर्फ बाकी प्रतियोगियों को पछाड़ा है, बल्कि बॉलीवुड के कई बड़े सुपरस्टार्स को भी पीछे छोड़ दिया है।
आखिर किस फिल्म ने मारी बाजी?
IMDb की इस प्रतिष्ठित लिस्ट में नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य पौराणिक फिल्म ‘रामायणम पार्ट 1’ ने बाजी मारते हुए नंबर 1 का स्थान हासिल किया है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और दक्षिण भारतीय सिनेमा के रॉकिंग स्टार यश ‘रावण’ के मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में यश का डबल जलवा देखने को मिल रहा है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी टॉप 3 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। साफ है कि साल 2026 के आखिरी महीनों में रणबीर कपूर और यश का बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा दबदबा रहने वाला है।
टॉप 5 में शामिल हैं ये धांसू फिल्में
IMDb की इस मोस्ट अवेटेड लिस्ट में टॉप 5 फिल्मों का मुकाबला बेहद कड़ा है:
रामायणम पार्ट 1 (Ramayana Part 1): रणबीर कपूर और यश की महाकाव्य फिल्म पहले नंबर पर काबिज है।
अल्फा (Alpha): आलिया भट्ट और शर्वरी वाघ स्टारर वाईआरएफ (YRF) स्पाई यूनिवर्स की यह पहली फीमेल-लेड एक्शन फिल्म दूसरे नंबर पर मौजूद है।
टॉक्सिक (Toxic): यश और कियारा आडवाणी की गैंगस्टर ड्रामा फिल्म तीसरे नंबर पर ट्रेंड कर रही है।
किंग (King): शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड एक्शन फिल्म, जिससे उनकी बेटी सुहाना खान भी बड़े पर्दे पर डेब्यू कर रही हैं, चौथे स्थान पर है।
धमाल 4 (Dhamaal 4): अजय देवगन और रितेश देशमुख की ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म पांचवें नंबर पर मौजूद है।
इनके अलावा अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ छठे नंबर पर, तमिल फिल्म ‘विश्वनाथ एंड संस’ सातवें नंबर पर, बहुप्रतीक्षित ‘मिर्जापुर: द मूवी’ आठवें नंबर पर, अक्षय-सैफ की ‘हैवान’ नौवें और श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ दसवें पायदान पर काबिज हैं।
कैसे तैयार की गई यह रैंकिंग?
IMDb के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह लिस्ट किसी संपादकीय पसंद या क्रिटिक्स के रिव्यू के आधार पर नहीं बनाई गई है। यह रैंकिंग पूरी तरह से 1 जनवरी से 28 जून के बीच प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर के 25 करोड़ से अधिक मासिक विजिटर्स द्वारा दर्ज किए गए वास्तविक ‘पेज व्यूज’ और यूजर सर्च के आधार पर तैयार की गई है।
इस लिस्ट में केवल उन्हीं भारतीय फिल्मों को शामिल किया गया है, जिनकी जुलाई से दिसंबर के बीच सिनेमाघरों या ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होना पूरी तरह से कन्फर्म है। इस बार की टॉप-20 लिस्ट में भाषाई विविधता भी देखने को मिली है, जिसमें 12 हिंदी, 4 तमिल, 2 मलयालम, 1 तेलुगु और 1 कन्नड़ फिल्म शामिल है।
