लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028: क्रिकेट क्वालिफिकेशन के नियमों का हुआ एलान, भारतीय महिला टीम ने किया डायरेक्ट क्वालीफाई
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028: क्रिकेट क्वालिफिकेशन के नियमों का हुआ एलान, भारतीय महिला टीम ने किया डायरेक्ट क्वालीफाई
स्पोर्ट्स डेस्क: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (IOC) ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 (LA28) में क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालिफिकेशन नियमों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। दोनों संस्थाओं ने मिलकर यह साफ कर दिया है कि ओलंपिक के ऐतिहासिक मंच पर क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए टीमों का चयन किस आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही, टीमों को जगह पक्की करने का एक आखिरी मौका देने के लिए इतिहास में पहली बार एक विशेष ओलंपिक क्वालिफायर टूर्नामेंट भी आयोजित किया जाएगा।
टी20 फॉर्मेट में भिड़ेंगी दुनिया की सिर्फ 6 टीमें
साल 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट का रोमांच टी20 (T20) फॉर्मेट में देखने को मिलेगा। इस महाकुंभ में बेहद कड़ा मुकाबला होने वाला है क्योंकि दुनिया भर से केवल 6 मेंस और 6 वुमेंस टीमों को ही इसमें हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। नियमों के अनुसार, टूर्नामेंट में एशिया, अफ्रीका, यूरोप और ओशिनिया जैसे अलग-अलग महाद्वीपों की टीमों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि वैश्विक स्तर पर क्रिकेट का प्रतिनिधित्व हो सके।
भारतीय महिला टीम को मिली डायरेक्ट एंट्री
हाल ही में समाप्त हुए वुमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के नतीजों के आधार पर ओलंपिक 2028 के लिए पहली 4 महिला टीमों का स्थान पक्का हो गया है। क्वालिफिकेशन नियमों के मुताबिक, दुनिया के चार अलग-अलग महाद्वीपों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली एक-एक टीम को सीधा टिकट दिया गया है।
एशिया: भारत
ओशिनिया: ऑस्ट्रेलिया
यूरोप: इंग्लैंड (ग्रेट ब्रिटेन)
अफ्रीका: साउथ अफ्रीका
इन चारों टीमों ने ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है, जबकि बाकी बची टीमों का फैसला आगामी क्वालिफायर मैचों के जरिए होगा।
मेजबान अमेरिका के लिए रखी गई खास शर्त
घरेलू मैदान पर खेलने की वजह से अमेरिका की मेंस और वुमेंस टीमों को ओलंपिक क्रिकेट टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री मिल सकती है, लेकिन इसके लिए आईसीसी ने एक छोटी सी शर्त रखी है। अमेरिकी टीमों को 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच आईसीसी (ICC) की टी20 रैंकिंग में दुनिया की टॉप 15 टीमों में शामिल होना होगा। अगर वे इस समय सीमा के भीतर टॉप 15 में जगह बनाने में नाकाम रहते हैं, तो उन्हें सीधी एंट्री नहीं मिलेगी और वह स्लॉट रैंकिंग में मौजूद किसी अन्य सर्वश्रेष्ठ टीम को दे दिया जाएगा।
वेस्टइंडीज के लिए बनाया गया विशेष नियम
क्रिकेट की दुनिया में वेस्टइंडीज कोई एक अकेला देश नहीं है, बल्कि यह कई छोटे कैरेबियाई देशों को मिलाकर बनी एक संयुक्त टीम है। चूंकि ओलंपिक नियमों के अनुसार केवल स्वतंत्र देश ही हिस्सा ले सकते हैं, इसलिए वेस्टइंडीज के नाम से कोई टीम ओलंपिक नहीं खेल पाएगी। इसके लिए नियम तय किया गया है कि यदि 31 दिसंबर 2026 तक वेस्टइंडीज की टीम आईसीसी रैंकिंग में टॉप 8 में बनी रहती है, तो इन सभी कैरेबियाई देशों के बीच आपस में एक घरेलू टूर्नामेंट कराया जाएगा। इस टूर्नामेंट को जीतने वाला देश ही ‘ओलंपिक क्वालिफायर’ मैचों में खेलने का हकदार होगा।
क्वालिफायर के जरिए भरेगा आखिरी स्लॉट
ओलंपिक क्रिकेट में शामिल होने वाली शुरुआती 5 टीमों का फैसला तो आईसीसी मेंस रैंकिंग और मौजूदा टूर्नामेंट्स के प्रदर्शन के आधार पर हो जाएगा। लेकिन छठी और आखिरी टीम का फैसला करने के लिए साल 2027 में एक विशेष ‘आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर’ टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस क्वालिफायर में कुल 8 टीमें आपस में टकराएंगी और इसे जीतने वाली टीम को ओलंपिक का आखिरी टिकट थमाया जाएगा।
