बेलफास्ट में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच पर मंडराया बारिश का साया
बेलफास्ट में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच पर मंडराया बारिश का साया
बेलफास्ट: भारतीय क्रिकेट टीम और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट के मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था और सभी को ‘क्लीन स्वीप’ की उम्मीद थी, लेकिन मेजबान आयरलैंड ने 26 जून को खेले गए पहले मैच में बड़ा उलटफेर कर दिया। आयरलैंड ने पहले टी20 में भारतीय टीम को 34 रनों से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
इस हार के बाद अब भारतीय टीम के हाथ से सीरीज जीतने का मौका तो निकल चुका है, लेकिन सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म करने की चुनौती उनके सामने है। हालांकि, दूसरे मुकाबले से पहले बेलफास्ट के मौसम ने भारतीय खेमे की चिंताओं को काफी बढ़ा दिया है।
मैच के समय 50 फीसदी से अधिक बारिश की आशंका
बेलफास्ट में होने वाला यह दूसरा टी20 मुकाबला वहां के स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होना है। ‘एक्यूवेदर’ की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मैच के दिन दोपहर 12 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक बेलफास्ट में 50 प्रतिशत से भी अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम के इस मिजाज को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि मैच या तो देरी से शुरू होगा या फिर खेल के दौरान बारिश बार-बार खलल डालेगी। ऐसे में मैच के ओवरों में कटौती भी की जा सकती है। खेल कितनी जल्दी शुरू हो पाएगा, यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि मैदान का ड्रेनेज सिस्टम कितना बेहतर है और ज्यादा बारिश होने की स्थिति में ग्राउंड स्टाफ पिच और आउटफील्ड को कितनी तेजी से सुखा पाता है।
प्लेइंग 11 में बदलाव तय, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकीं नजरें
पहले मुकाबले में भारतीय टीम की हार की मुख्य वजह बल्लेबाजी क्रम का पूरी तरह फ्लॉप होना रहा था। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को छोड़कर टीम का कोई भी अन्य बल्लेबाज आयरिश गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। सीरीज बचाने के दबाव के बीच अब दूसरे टी20 मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव होना तय माना जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका: फैंस और क्रिकेट पंडितों की नजरें 15 साल के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं। पहले मैच में मौका न मिलने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस करो या मरो वाले मुकाबले में वैभव को अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
गेंदबाजी में भी बदलाव के संकेत: खराब फॉर्म से जूझ रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को दूसरे मैच से बाहर बैठना पड़ सकता है। उनकी जगह पर युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किए जाने की प्रबल संभावना है।
