सावधान! साइबर क्राइम पोर्टल की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी कर रहे हैं अपराधी, सरकार ने जारी की चेतावनी
सावधान! साइबर क्राइम पोर्टल की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी कर रहे हैं अपराधी, सरकार ने जारी की चेतावनी
नई दिल्ली: साइबर अपराधी मासूम लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए हर दिन नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं। हाल ही में भारत सरकार ने ठगों के एक ऐसे ही खतरनाक और नए तरीके को लेकर देशवासियों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी विंग ‘I4C’ (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) ने बताया है कि क्रिमिनल्स अब ‘राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल’ की ही फर्जी (फेक) वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं।
ऐसे जाल में फंसा रहे हैं अपराधी
I4C के आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल ‘Cyber Dost’ द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, जब कोई यूजर गूगल या अन्य सर्च इंजन पर “साइबर क्राइम को कैसे रिपोर्ट करें” (How to report cyber crime) सर्च करता है, तो सर्च रिजल्ट में अपराधियों द्वारा बनाई गई फर्जी वेबसाइट भी दिखाई दे जाती है।
इस नकली वेबसाइट पर जाते ही स्क्रीन पर एक पॉप-अप मैसेज या स्क्रीनशॉट दिखाई देता है, जिसमें दावा किया जाता है कि यूजर का “डिवाइस ब्लॉक” कर दिया गया है। होम पेज पर ही डिवाइस को अनब्लॉक करने के लिए ऑनलाइन पेमेंट (भुगतान) करने का विकल्प दिया जाता है। जैसे ही कोई यूजर डरकर पेमेंट करता है, उसकी बैंकिंग डिटेल्स चुरा ली जाती हैं और वह बड़े फ्रॉड का शिकार हो जाता है।
सरकार ने कहा: घबराने की जरूरत नहीं
साइबर दोस्त ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि ऐसा कोई भी मैसेज दिखने पर घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है और न ही किसी भी तरह का कोई पेमेंट करना है। सरकार ने साफ किया है कि सरकारी एजेंसियां कभी भी किसी यूजर से पॉप-अप या अनजान लिंक्स के जरिए पैसे की मांग नहीं करती हैं।
फ्रॉड से बचने के लिए इन बातों का रखें खास ध्यान:
डायरेक्ट यूआरएल टाइप करें: अगर आपको किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करनी है, तो गूगल पर सर्च करने के बजाय सीधे अपने ब्राउज़र के एड्रेस बार में आधिकारिक वेबसाइट Cybercrime.gov.in टाइप करके ही उसे ओपन करें।
ब्लॉक वाले मैसेज को करें इग्नोर: फर्जी वेबसाइटों या क्रेडेंशियल्स के जरिए मिलने वाले “डिवाइस ब्लॉक” के संदेशों को पूरी तरह से नजरअंदाज करें।
नकली वेबसाइटों की करें रिपोर्ट: यदि आपको ऐसी कोई भी संदिग्ध या नकली वेबसाइट दिखती है, तो असली साइबर क्राइम पोर्टल पर उपलब्ध ‘Check & Report’ सेक्शन में जाकर उसकी शिकायत दर्ज कराएं।
हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें कॉल: यदि आप किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड या साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं, तो तुरंत आधिकारिक पोर्टल पर जाएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
