सेहत का खजाना हैं जामुन के बीज: फेंकने के बजाय इस तरह करें इस्तेमाल, शरीर को मिलेंगे कई बड़े फायदे
सेहत का खजाना हैं जामुन के बीज: फेंकने के बजाय इस तरह करें इस्तेमाल, शरीर को मिलेंगे कई बड़े फायदे
नई दिल्ली: जामुन स्वाद में जितना बेहतरीन लगता है, सेहत के लिए भी उतना ही फायदेमंद माना जाता है। अमूमन लोग जामुन खाकर उसके बीजों को फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इन बीजों में औषधीय गुणों का भंडार छिपा है। आयुर्वेद में सदियों से जामुन के बीजों का इस्तेमाल कई तरह के उपचारों में किया जाता रहा है। अब आधुनिक वैज्ञानिक रिसर्च भी यह मानती हैं कि जामुन के बीज शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इनमें पॉलीफेनॉल, फ्लेवोनॉयड्स, टैनिन और प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं।
फ्री रेडिकल्स से कोशिकाओं की सुरक्षा
जामुन के बीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में बनने वाले हानिकारक फ्री रेडिकल्स को कम करने में मददगार होते हैं। फ्री रेडिकल्स कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे समय से पहले बुढ़ापा, शरीर में अंदरूनी सूजन और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इन बीजों के सेवन से शरीर की प्राकृतिक रक्षा प्रणाली मजबूत होती है और कोशिकाएं सुरक्षित रहती हैं।
ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मददगार
जामुन के बीज डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं। कई शोधों में सामने आया है कि इन बीजों में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं, जो खून में शुगर बढ़ने की गति को धीमा कर देते हैं। भोजन के बाद रक्त में शर्करा का स्तर अचानक तेजी से न बढ़े, इसमें ये बीज अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन शुरू करने से पहले हमेशा डॉक्टरों की सलाह लेनी चाहिए।
पाचन तंत्र और पेट के लिए वरदान
इन बीजों में पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो भोजन को सही तरीके से पचाने में मदद करता है। फाइबर आंतों की सफाई करने के साथ-साथ कब्ज की परेशानी को भी दूर करता है। जिन लोगों को अक्सर पाचन संबंधी समस्याएं रहती हैं या पेट ठीक से साफ नहीं होता, उनके लिए जामुन के बीजों का उपयोग बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
अंदरूनी सूजन और ब्लड प्रेशर पर नियंत्रण
शरीर के भीतर लंबे समय तक रहने वाली हल्की सूजन कई अन्य बीमारियों को जन्म दे सकती है। जामुन के बीजों में मौजूद प्राकृतिक तत्व इस सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, ये दिल को स्वस्थ रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। बीजों में पाया जाने वाला पोटैशियम शरीर में नमक और पानी का संतुलन बनाए रखता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता।
कैसे करें इस्तेमाल?
जामुन के बीजों का उपयोग करने का सबसे प्रचलित तरीका इन्हें सुखाकर और पीसकर चूर्ण बनाना है। कई लोग इस चूर्ण का सेवन सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ करते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति की शारीरिक आवश्यकताएं अलग होती हैं, इसलिए इसका नियमित सेवन शुरू करने से पहले किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ या डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
