Friday, June 26, 2026
उत्तराखंड

धामी सरकार की बड़ी सौगात: मात्र 3 लाख रुपये में मिलेगा आधुनिक फ्लैट, तैयार हुई उत्तराखंड की सबसे बड़ी EWS आवासीय परियोजना

धामी सरकार की बड़ी सौगात: मात्र 3 लाख रुपये में मिलेगा आधुनिक फ्लैट, तैयार हुई उत्तराखंड की सबसे बड़ी EWS आवासीय परियोजना

​रुद्रपुर: गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने के संकल्प के साथ उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार मिलकर एक बड़ी आवासीय परियोजना को अंतिम रूप दे रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में 1872 ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की सतत निगरानी में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (उधमसिंह नगर) द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना को संचालित किया जा रहा है।

​6 लाख का फ्लैट मात्र 3 लाख रुपये में

​‘अपना घर, अपना स्वाभिमान’ की भावना के साथ तैयार की गई इस परियोजना में कुल 1872 आवासों का निर्माण किया गया है। इनमें से 832 फ्लैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 अतिरिक्त फ्लैटों में अंतिम चरण का कार्य तेजी से चल रहा है। सबसे खास बात यह है कि छह लाख रुपये की कुल लागत वाले इन आधुनिक फ्लैटों के लिए लाभार्थी को मात्र तीन लाख रुपये ही देने होंगे। शेष तीन लाख रुपये की राशि भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी के रूप में वहन की जाएगी।

​आधुनिक सुविधाओं और भूकंपरोधी तकनीक से लैस परिसर

​करीब 6.0281 हेक्टेयर भूमि पर विकसित इस परियोजना का निर्माण क्षेत्रफल लगभग 39,220 वर्ग मीटर है, जिसमें कुल 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक बनाए गए हैं।

​फ्लैट का डिजाइन: प्रत्येक फ्लैट (लगभग 28 वर्ग मीटर) में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, टॉयलेट, बाथरूम और बरामदा उपलब्ध कराया गया है।

​सुरक्षा एवं तकनीक: सभी भवनों का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से किया गया है। इसके अलावा परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। यूपीसीएल द्वारा इलेक्ट्रिकल सेफ्टी जांच और फायर डिपार्टमेंट द्वारा फायर फाइटिंग सिस्टम का सफल परीक्षण किया जा चुका है।

​पर्यावरण संरक्षण: परिसर में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), सीवरेज सिस्टम, अत्याधुनिक एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और हॉर्टिकल्चर के तहत हरे-भरे पार्क व बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित किए गए हैं।

​बेहतर कनेक्टिविटी

​बागवाला स्थित यह परियोजना मुख्य बाजार और प्रमुख मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके साथ ही बस स्टेशन से इसकी दूरी 6 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से 8 किलोमीटर है। बेहतर सड़क संपर्क होने से यहां रहने वाले परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की आवश्यक सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिलेगी।

​पारदर्शी होगी आवंटन प्रक्रिया (पात्रता और नियम)

​सरकार ने आवास आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली तय की है। इसके लिए नियम व शर्तें निम्नलिखित हैं:

​आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना के एमआईएस (MIS) पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है।

​आवेदक को 17 जून 2015 से पूर्व का उत्तराखंड का निवासी होना अनिवार्य है।

​आवेदक की वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।

​आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए।

​मात्र 5,000 रुपये जमा कर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। शेष राशि के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण (लोन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

​सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार का बयान:

“प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रुद्रपुर के बागवाला में विकसित की गई यह परियोजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। परियोजना में गुणवत्ता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों को आवासों का आवंटन कर चाबियां सौंपी जाएंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *