ईरान मामले पर बातचीत सकारात्मक, लेकिन सैन्य विकल्प अब भी खुला: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ईरान मामले पर बातचीत सकारात्मक, लेकिन सैन्य विकल्प अब भी खुला: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ अमेरिका की बातचीत बहुत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और तेहरान बातचीत में बहुत बड़ी छूट दे रहा है। हालांकि, बातचीत आगे बढ़ने का भरोसा जताने के साथ ही उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिकी सुरक्षा बल सैन्य इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
व्हाइट हाउस में नाटो के महासचिव मार्क रूटे के साथ हुई मुलाकात और कैपिटल में रिपब्लिकन सांसदों के साथ लंच मीटिंग के दौरान ट्रंप ने मीडिया से यह बातें कहीं।
”ईरान मान रहा है हमारी हर बात”
रिपब्लिकन सांसदों के साथ बैठक से पहले ट्रंप ने कहा, “जंग बहुत अच्छी चल रही है। जैसा कि आप जानते हैं, हम जीत रहे हैं। ईरान बहुत बड़ी रियायतें दे रहा है। देखते हैं क्या होता है, लेकिन यह बहुत दमदार रहा है और यह बहुत अच्छा चल रहा है।”
बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि तेहरान अमेरिका की मांगों को पूरा करना जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा, “ईरान बहुत अच्छा बर्ताव कर रहा है। वे मेरी हर बात मान रहे हैं और उन्हें मानना ही होगा। नहीं तो, हम बस वापस जाकर वही करेंगे जो हमें करना है।”
युद्ध प्रस्ताव और होर्मुज स्ट्रेट पर रुख साफ
अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में ईरान युद्ध प्रस्ताव पर होने वाले मतदान को लेकर ट्रंप ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई तेहरान को भ्रमित करने वाला और अनावश्यक संदेश देती है। उनके मुताबिक, व्यावहारिक रूप से इसका कोई खास महत्व नहीं है, लेकिन ईरान इसे अलग नजरिए से देख सकता है।
इसके अलावा, ट्रंप ने भविष्य में किसी भी ऐसे समझौते से साफ इनकार कर दिया जो ईरान को होर्मुज स्ट्रेट (दुनिया के सबसे जरूरी ऊर्जा चोकपॉइंट्स में से एक) के जरिए इंटरनेशनल शिपिंग पर चार्ज लगाने की इजाजत देता हो। ट्रंप ने कड़े शब्दों में कहा, “यह मुझे मंजूर नहीं होगा। मैं इसकी इजाजत नहीं दूंगा।”
नाटो महासचिव ने किया ट्रंप की पॉलिसी का समर्थन
ओवल ऑफिस में हुई बैठक के दौरान नाटो के महासचिव मार्क रूटे ने ट्रंप की ईरान पॉलिसी का भरपूर समर्थन किया। रूटे ने कहा कि इस नीति का मुख्य मकसद तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। ईरान को अराजकता और आतंकवाद फैलाने वाला देश बताते हुए रूटे ने कहा, “ईरान के पास परमाणु क्षमता होना पूरी दुनिया के लिए, खासकर इजरायल, यूरोप और बाकी दुनिया के लिए एक बड़ा खतरा होगा। यह मुद्दा सिर्फ क्षेत्रीय सुरक्षा तक सीमित नहीं है।”
मिनाब स्कूल हमले की जांच पर बोले ट्रंप और रक्षा सचिव
राष्ट्रपति ट्रंप से जब मिनाब के एक स्कूल पर हुए हमले की जांच के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि वे कभी उस समस्या का समाधान करेंगे कि यह किसकी गलती थी, क्योंकि हर जगह मिसाइलें दागी जा रही थीं।”
वहीं, इस मामले पर अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि पेंटागन इस जांच को बहुत गंभीरता से ले रहा है और इसके नतीजे सही समय पर सार्वजनिक किए जाएंगे।
