केतन अग्रवाल मर्डर केस: मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का बड़ा बयान— “अगर बेटी दोषी है, तो अभी फांसी दे दो”
केतन अग्रवाल मर्डर केस: मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का बड़ा बयान— “अगर बेटी दोषी है, तो अभी फांसी दे दो”
पुणे: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पहली बार मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का बड़ा बयान सामने आया है। सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर उनकी बेटी अदालत में दोषी साबित होती है, तो उसे सख्त से सख्त सजा देते हुए तुरंत फांसी पर लटका दिया जाए।
फिलहाल, सिया के पिता प्रवीण गोयल पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां हार्ट अटैक आने के बाद उनका इलाज चल रहा है।
”पूरे होशोहवास में बोल रहा हूं, दोषी को मिले कड़ी सजा”
एक स्थानीय न्यूज़ चैनल News Dotz से बातचीत के दौरान अस्पताल में भर्ती सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा, “मैं पूरे होशोहवास में कह रहा हूं कि जो भी आरोपी है उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए और इसमें बिल्कुल देरी नहीं करनी चाहिए। अगर मेरी बेटी को अदालत दोषी मानती है, तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
वहीं, आरोपी की मां पूजा गोयल ने भावुक होते हुए कहा, “अगर मेरी बेटी ने गुनाह किया है, तो उसे फांसी की सजा अभी के अभी दे दो। आरोपी को सजा मिलनी ही चाहिए, यह बात एक मां बोल रही है।”
जांच के तनाव के कारण पिता को आया हार्ट अटैक
केतन अग्रवाल मर्डर केस की चल रही पुलिस जांच के भारी तनाव के कारण गुरुवार को सिया के पिता प्रवीण गोयल की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत रूबी हॉल क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें हार्ट अटैक आने की पुष्टि की।
अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रवीण गोयल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार आईसीयू (ICU) में उनकी सेहत और रिकवरी से जुड़े पैरामीटर्स पर नजर रख रही है। दूसरी ओर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अस्पताल परिसर और आईसीयू के आस-पास के इलाके में कड़ी निगरानी का इंतजाम किया है। अधिकारियों ने आरोपी के परिवार को सख्त सुरक्षा घेरे में रखा है।
