उत्तराखंड के युवा को जर्मनी में मिला रोजगार, मुख्यमंत्री धामी से सपना राणा ने की मुलाकात
उत्तराखंड के युवा को जर्मनी में मिला रोजगार, मुख्यमंत्री धामी से सपना राणा ने की मुलाकात
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में सपना राणा ने मुलाकात की। सपना राणा ने राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत जर्मन भाषा का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके बाद उन्हें जर्मनी के हैमबर्ग शहर के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में नर्स के रूप में नियुक्ति मिली है। उन्हें वहां 3,060 यूरो (लगभग 3,30,000 रुपये) प्रतिमाह के वेतन पर तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित ‘विदेश रोजगार प्रकोष्ठ’ द्वारा राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में यह प्रकोष्ठ राज्य के युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार दिलाने के लिए भाषा प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक राज्य के करीब 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है।
जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर: सौरभ बहुगुणा
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जानकारी दी कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा युवाओं को जर्मन भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण का लाभ उठाकर टिहरी गढ़वाल की रहने वाली नर्सिंग प्रशिक्षित युवा महिला सपना राणा का जर्मनी में नर्स के रूप में चयन हुआ है।
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी गढ़वाल) से और नर्सिंग की पढ़ाई स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से पूरी की है। राज्य सरकार की इस योजना से जुड़कर भाषा सीखने के बाद उन्हें हैमबर्ग के प्रतिष्ठित अस्पताल में यह बड़ी नियुक्ति हासिल हुई है। इस मुलाकात के अवसर पर शासन के सचिव सी. रविशंकर भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
