नेटफ्लिक्स पर शुरू होने जा रहा है ‘लॉक अप: सच या सजा’, राम कपूर और शिवांगी जोशी समेत ये सितारे बनेंगे कैदी
नेटफ्लिक्स पर शुरू होने जा रहा है ‘लॉक अप: सच या सजा’, राम कपूर और शिवांगी जोशी समेत ये सितारे बनेंगे कैदी
मुंबई। टीवी के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने वाले मशहूर रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के नए सीजन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। ‘लॉक अप: सच या सजा’ का भव्य प्रीमियर आगामी 27 जून को होने जा रहा है। इस हाई-स्टेक्स रियलिटी शो के आधिकारिक आगाज से पहले नेटफ्लिक्स (Netflix) ने एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया, जिसमें शो से जुड़े ड्रामे, रणनीति और एंटरटेनमेंट की पहली झलक मीडिया के सामने पेश की गई।
इस इवेंट में शो की क्रिएटर एकता कपूर, नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट (कंटेंट) मोनिका शेरगिल और इस बार जेलर की दोहरी भूमिका निभाने जा रहे रितेश देशमुख व फराह खान आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
14 कंटेस्टेंट, 6 हफ्ते और ‘सच’ का सबसे बड़ा खेल
’लॉक अप’ का यह नया सीजन दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। इस बार कुल 14 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स (कैदी) को 6 हफ्तों के लिए एक सख्त लॉकअप में बंद किया जाएगा। इस जेल में कंटेस्टेंट्स को कोई भी आराम मुफ्त में नहीं मिलेगा, बल्कि हर सुख-सुविधा को कमाना पड़ेगा।
इन-गेम करंसी और टास्क: कैदियों को रोजाना का खाना, जरूरी सामान और बुनियादी सुविधाएं हासिल करने के लिए कड़े टास्क पूरे करने होंगे और इन-गेम करंसी जीतनी होगी।
’सच’ की अग्निपरीक्षा: इस गेम का सबसे बड़ा और खतरनाक नियम ‘सच’ होगा। कंटेस्टेंट्स को अपने जीवन के उन गहरे राज़ों को उजागर करना होगा जो या तो गेम में उनकी स्थिति को बेहद मजबूत कर देंगे या फिर उन्हें हमेशा के लिए कमजोर बना देंगे।
ये मशहूर सितारे नजर आएंगे नए कैदियों के रूप में
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब नए सीजन के कंटेस्टेंट्स के नामों का खुलासा हुआ, तो फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई। शो के लिए तीन बड़े नामों को मीडिया के सामने पेश किया गया:
राम कपूर: भारतीय टेलीविजन और सिनेमा के दिग्गज अभिनेता।
शिवांगी जोशी: टीवी की बेहद लोकप्रिय और फैंस की पसंदीदा अभिनेत्री।
पामेला सेरेना: ‘देसी ब्लिंग’ फेम स्टार।
इन तीनों के अलावा मीडिया रिपोर्ट्स में सुनीता आहूजा, हर्षद चोपड़ा और आकांक्षा चौधरी का नाम भी इस सीजन के लिए पूरी तरह कंफर्म बताया जा रहा है।
’यह दिखावे से दूर एक सोशल एक्सपेरिमेंट है’ — एकता कपूर
इस अनोखे फॉर्मेट को पहली बार नेटफ्लिक्स पर डिजिटल रूप से पेश करने को लेकर कंटेंट क्वीन एकता कपूर ने कहा, “पिछले कुछ सालों में मैंने कई टेलीविजन शो बनाए हैं, लेकिन ‘लॉक अप: सच या सजा’ की मेरे दिल में एक अलग और खास जगह है। यह शो हर तरह के दिखावे और ऐशो-आराम को हटाकर इंसानों को एक ऐसे माहौल में रखता है, जहां उनके हर फैसले, हर रिश्ते और हर छिपे हुए राज का नतीजा भुगतना पड़ता है। यह मनोरंजन, ड्रामा और हर मोड़ पर मिलने वाले सरप्राइज से भरा एक अनोखा सोशल एक्सपेरिमेंट है।”
जेलर के रूप में रितेश देशमुख और फराह खान की जुगलबंदी के साथ, यह शो 27 जून से नेटफ्लिक्स पर दर्शकों को एंटरटेनमेंट का डबल डोज देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
