लखनऊ अग्निकांड पर अभिनेता सोनू सूद ने जताया गहरा दुख, कहा- ‘सपनों के उड़ान की जगह आखिरी मंजिल बन गई’
लखनऊ अग्निकांड पर अभिनेता सोनू सूद ने जताया गहरा दुख, कहा- ‘सपनों के उड़ान की जगह आखिरी मंजिल बन गई’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरानिया) स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार, 22 जून को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 15 बहुमूल्य जिंदगियां असमय काल के गाल में समा गईं, जबकि कई अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। इस हृदयविदारक घटना पर प्रशासनिक स्तर पर जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी (SIT) जांच के आदेश दिए हैं और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने का फरमान जारी किया है, वहीं बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपनी दरियादिली के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट साझा कर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
’क्लासरूम सपनों की उड़ान के लिए होना चाहिए, आखिरी मंजिल नहीं’
सोनू सूद ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, “क्लासरूम को सपनों को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए, न कि सपने देखने वालों को आखिरी मंजिल तक पहुंचाने वाला। लखनऊ अग्निकांड ने मेरा दिल तोड़ दिया है। इस हादसे में कितनी ही युवा जिंदगियां हमेशा के लिए शांत हो गईं और उनके साथ ही अनगिनत सपने बिखर गए। वे भविष्य के अधिकारी, कलाकार, नेता और समाज में बदलाव लाने वाले युवा थे, जिनका सफर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया।”
पीड़ित परिवारों के प्रति अभिनेता ने जताई संवेदनाएं
अपने बच्चों को खोने वाले माता-पिता के असहनीय दर्द को साझा करते हुए सोनू सूद ने आगे लिखा, “जिन परिवारों ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने बच्चों को खोया है, उनके दुख को कम करने के लिए कोई भी शब्द काफी नहीं हैं। मेरी प्रार्थनाएं उन शोकाकुल परिवारों के साथ हैं और मैं अस्पताल में रिकवरी के लिए संघर्ष कर रहे घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए कहा कि इन बच्चों के लिए हमारे आंसुओं से कहीं ज्यादा जरूरी यह है कि हम उन्हें सुरक्षित शैक्षणिक संस्थान और मजबूत सुरक्षा इंतजाम दें, ताकि ऐसी भयानक त्रासदी दोबारा कभी न हो।
क्या था पूरा मामला?
बीते सोमवार (22 जून) को लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया, जहां कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। जान बचाने की कशमकश में कई छात्रों ने तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फंसे हुए छात्रों को निकालने के लिए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तमाम कोशिशों के बावजूद 15 छात्रों की जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
