बारिश की बाधा भी नहीं रोक सकी किलियन एम्बाप्पे का तूफान, 2 गोल दागकर रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
बारिश की बाधा भी नहीं रोक सकी किलियन एम्बाप्पे का तूफान, 2 गोल दागकर रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
फिलाडेल्फिया। फिलाडेल्फिया में भारी बारिश और तूफान के कारण मैच दो घंटे से अधिक समय तक रुका रहा, लेकिन जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर और कप्तान किलियन एम्बाप्पे का जादू सिर चढ़कर बोला। एम्बाप्पे के दो शानदार गोलों की बदौलत फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही एम्बाप्पे ने अपने इंटरनेशनल करियर के 100वें मुकाबले को बेहद खास बनाते हुए वर्ल्ड कप इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
एम्बाप्पे अब फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 6 अलग-अलग मैचों में 2 या उससे ज्यादा गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
100वें मैच में क्लोजे की बराबरी और रोनाल्डो को पछाड़ा
27 वर्षीय किलियन एम्बाप्पे ने अपने तीसरे ही वर्ल्ड कप में 15 गोल का आंकड़ा पार कर लिया है। इराक के खिलाफ मैच के 14वें मिनट में बॉक्स के बाहर से एक सनसनीखेज शॉट लगाकर उन्होंने फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मौसम खराब होने के कारण दो घंटे से ज्यादा का ब्रेक हुआ। खेल दोबारा शुरू होते ही 54वें मिनट में इराकी डिफेंडर जैद तहसीन की गलती का फायदा उठाते हुए उस्मान डेम्बेले ने गेंद एम्बाप्पे की ओर बढ़ाई, जिसे उन्होंने आसानी से गोल पोस्ट में डाल दिया।
इस दूसरे गोल के साथ ही वर्ल्ड कप में एम्बाप्पे के कुल 16 गोल हो गए हैं। उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे (16 गोल) की बराबरी कर ली है, जबकि ब्राजील के दिग्गज रोनाल्डो (15 गोल) को पीछे छोड़ दिया है। फ्रांस के लिए तीसरा गोल बैलन डी’ऑर विजेता उस्मान डेम्बेले ने किया। एम्बाप्पे, डेम्बेले और डिजायर डुए की आक्रामक तिकड़ी के दम पर फ्रांस इस वर्ल्ड कप का सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरा है।
अब केवल लियोनेल मेसी से पीछे
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की रेस अब बेहद रोमांचक हो गई है। इस सूची में शीर्ष पर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी हैं, जिन्होंने इसी दिन दो गोल दागकर अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी है। वहीं, एम्बाप्पे 16 गोल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं और मेसी से अब सिर्फ दो गोल पीछे हैं।
वर्ल्ड कप में एम्बाप्पे का अब तक का सफर:
2018 वर्ल्ड कप: 4 गोल (विश्व कप विजेता)
2022 वर्ल्ड कप: 8 गोल (गोल्डन बूट विजेता)
मौजूदा वर्ल्ड कप (2026): 4 गोल (अब तक)
जिस रफ्तार से एम्बाप्पे गोल दाग रहे हैं, उसे देखते हुए वह जल्द ही वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ी बन सकते हैं।
