NEET री-एग्जाम: नागपुर के छात्र को अलॉट हुआ अबू धाबी का सेंटर, बिना पासपोर्ट कैसे परीक्षा देगा अब्दुल्ला?
NEET री-एग्जाम: नागपुर के छात्र को अलॉट हुआ अबू धाबी का सेंटर, बिना पासपोर्ट कैसे परीक्षा देगा अब्दुल्ला?
नागपुर: देशभर में 21 जून 2026 को नीट (NEET) की दोबारा परीक्षा (रीएग्जाम) होनी है, जिसमें 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होने के लिए तैयार हैं। लेकिन परीक्षा से ठीक एक दिन पहले नागपुर का रहने वाला छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद और उसका परिवार बेहद अजीबोगरीब स्थिति और भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा है। दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अब्दुल्ला का परीक्षा केंद्र भारत के बजाय सीधे ‘अबू धाबी’ (यूएई) में अलॉट कर दिया है।
रोने लगा छात्र, प्राथमिकता में भरे थे नागपुर और वर्धा
14 जून को जारी हुए हॉल टिकट में जैसे ही छात्र ने अपना परीक्षा केंद्र ‘अबू धाबी इंडियन स्कूल’ देखा, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पासपोर्ट तक नहीं है पास: अब्दुल्ला के पिता ने बताया, “विदेश का सेंटर देखते ही मेरा बेटा रोने लगा। हमारे पास तो वहां जाने के लिए पासपोर्ट तक नहीं है।”
नागपुर को दी थी प्राथमिकता: छात्र ने अपने आवेदन फॉर्म में परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा शहर का विकल्प चुना था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण उसे सात समंदर पार का सेंटर दे दिया गया।
मजबूरी में फ्लाइट टिकट बुक करने की नौबत
नीट पेपर लीक विवाद के बाद छात्र पहले ही तनाव में था और अब इस नई मुसीबत ने परिवार की चिंता दोगुनी कर दी है। समय कम होने के कारण परेशान परिवार ने इस डर से कि कहीं परीक्षा न छूट जाए, आपातकालीन यात्रा दस्तावेज और फ्लाइट टिकट की औपचारिकताएं तक पता करना शुरू कर दिया था। परिवार हर हाल में बच्चे का साल बचाने के लिए उसे अबू धाबी भेजने पर भी विचार करने लगा था।
NTA ने मानी तकनीकी खामी, सोशल मीडिया पर दिया आश्वासन
मामला बढ़ने और पूर्व मंत्री अनीस अहमद के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित परिवार ने NTA हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
NTA का बयान: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर एक पोस्ट जारी कर स्वीकार किया है कि यह एक तकनीकी खराबी (Technical Glitch) के कारण हुआ है।
जल्द जारी होगा नया एडमिट कार्ड: एजेंसी ने कहा है कि छात्र की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और जरूरी जांच-पड़ताल के बाद कुछ ही घंटों के भीतर उम्मीदवार को नागपुर में ही एक नया परीक्षा केंद्र अलॉट कर नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
अव्यवस्था पर उठे सवाल: आमतौर पर NTA विदेशों में परीक्षा केंद्र केवल एनआरआई (NRI) और अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए आवंटित करता है। लेकिन परीक्षा से ठीक एक दिन पहले तक नागपुर के स्थानीय छात्र को नया एडमिट कार्ड न मिल पाना एजेंसी की कार्यप्रणाली और अव्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल छात्र और उसका परिवार नए एडमिट कार्ड का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
