दिल्ली को मिला पहला ‘ऑल-विमेन’ पुलिस थाना, उपराज्यपाल ने सब्जी मंडी में किया उद्घाटन
दिल्ली को मिला पहला ‘ऑल-विमेन’ पुलिस थाना, उपराज्यपाल ने सब्जी मंडी में किया उद्घाटन
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने तथा उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार को दिल्ली के पहले ऑल-विमेन (पूरी तरह से महिला कर्मचारियों वाले) पुलिस थाने का भव्य उद्घाटन किया गया।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सब्जी मंडी थाना परिसर में आयोजित एक समारोह के दौरान इस विशेष थाने का फीता काटा। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और कानून-व्यवस्था के विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समस्याओं के समाधान के लिए मिलेगा प्रभावी मंच
उद्घाटन के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि यह पुलिस थाना राजधानी की महिलाओं को एक ऐसा सुरक्षित और सहज माहौल देगा, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के सामने रख सकेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुविधा के लिए जल्द ही दिल्ली के अन्य जिलों में भी इसी तरह के महिला पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे।
शनिवार से सभी थानों में शुरू होगा ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम
महिलाओं के लिए विशेष थाने के साथ ही उपराज्यपाल ने आम जनता के लिए भी एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि शनिवार से दिल्ली के सभी पुलिस थानों में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत हर शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद थानों में मौजूद रहकर आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर ही उनके त्वरित निस्तारण के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
जांच अधिकारी से लेकर स्टाफ तक, सब महिलाएं
अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित सब्जी मंडी महिला थाना दिल्ली का पहला ऐसा थाना है जो पूरी तरह से महिला कर्मियों द्वारा संचालित होगा। इसमें मामले दर्ज करने और जांच करने वाले अधिकारियों (IOs) से लेकर सुरक्षा और सहायक स्टाफ तक सभी महिलाएं हैं।
यह थाना केवल अपराधों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए भी काम करेगा। इसके तहत महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष काउंसलिंग (परामर्श) सत्र और संपर्क अभियान (Outreach programs) चलाए जाएंगे।
महिला सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के अन्य कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने महिला सुरक्षा के लिए चल रहे अन्य प्रयासों की जानकारी दी:
116 पिंक बूथ: दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 116 पिंक बूथ सक्रिय हैं, जो महिलाओं के लिए तत्काल सहायता केंद्र के रूप में काम कर रहे हैं।
महिला पीसीआर वैन: संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में केवल महिला कर्मियों वाली पीसीआर वैन तैनात की गई हैं।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण: दिल्ली पुलिस अब तक विभिन्न अभियानों के तहत 30 लाख से अधिक महिलाओं और स्कूल-कॉलेज की लड़कियों को सेल्फ-डिफेंस की ट्रेनिंग दे चुकी है।
वहीँ, विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर जिला पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार नई पहल कर रही है। इसमें ‘रानी झांसी स्क्वाड’ और विशेष रूप से दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉर्थ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा के लिए तैनात विशेष गश्ती वाहन ‘वामिका’ बेहद कारगर साबित हो रहे हैं।
