राजनीति

शिवसेना (UBT) में बगावत के संकेत: दिल्ली में सांसदों की अहम बैठक आज, पार्टी ने जारी किया व्हिप

शिवसेना (UBT) में बगावत के संकेत: दिल्ली में सांसदों की अहम बैठक आज, पार्टी ने जारी किया व्हिप

​नई दिल्ली/मुंबई: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) में एक बार फिर बड़ी टूट की अटकलें तेज हो गई हैं। इन चर्चाओं के बीच आज दिल्ली स्थित शिवसेना संसदीय दल के कार्यालय में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सदस्यों को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। बैठक में संजय राउत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

​पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में भी इस स्थिति का जिक्र किया गया है। संपादकीय के अनुसार, बुधवार को मीडिया और दिल्ली के राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर थी कि शिवसेना के कुछ सांसद पार्टी से अलग होकर एक नया गुट बना सकते हैं। इसी राजनीतिक हलचल और अफवाहों पर विराम लगाने के लिए पार्टी ने यह आपातकालीन बैठक बुलाई है।

​मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने जारी किया व्हिप

​बैठक की गंभीरता को देखते हुए शिवसेना (UBT) के मुख्य सचेतक (Chief Whip) अनिल देसाई ने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। व्हिप के अनुसार, सभी सांसदों का बैठक में मौजूद रहना अनिवार्य है।

​संजय जाधव पर नजरें: इस संभावित बगावत में परभणी से शिवसेना सांसद संजय जाधव का नाम सबसे आगे चल रहा है, जिन्होंने कथित तौर पर सबसे पहले पार्टी छोड़ी है। वह अभी तक दिल्ली में अपने आवास पर भी नहीं पहुंचे हैं, जिसके चलते उनके इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद बेहद कम जताई जा रही है।

​6 सांसदों के बागी होने के संकेत, स्पीकर से की मुलाकात

​पश्चिम बंगाल में टीएमसी (TMC) के भीतर हुई उथल-पुथल के बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में भी बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) के भीतर 6 सांसदों के बागी होने की बात खुलकर सामने आई, जब दोनों गुटों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अलग-अलग मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।

​उद्धव गुट की अपील: शिवसेना के लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की। उन्होंने स्पीकर से अपील की कि इस मामले में कोई भी फैसला संसदीय नियमों, कानून, संविधान और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुरूप ही लिया जाना चाहिए।

​बागी गुट का दावा: दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे से नाराज चल रहे बागी सांसदों के एक गुट ने भी स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की। इस गुट ने दावा किया है कि लोकसभा में पार्टी के कुल 9 सांसदों में से 6 सांसदों का समर्थन उनके पास है।

​शिंदे गुट में विलय की तैयारी!

​सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बागी सांसदों की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ गुरुवार को ही एक औपचारिक बैठक हो सकती है। इस बैठक में बागी सांसद संसद के भीतर खुद को एक अलग गुट के तौर पर मान्यता देने और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली मूल ‘शिवसेना’ में अपने विलय की आधिकारिक मांग रख सकते हैं।

​फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आज दिल्ली में होने वाली शिवसेना (UBT) की बैठक में कितने सांसद हिस्सा लेते हैं और बागी सांसद व्हिप का उल्लंघन करते हैं या नहीं। इस बैठक में आगामी संसद सत्र, विपक्ष की साझा रणनीति और महाराष्ट्र के नए राजनीतिक समीकरणों पर भी विस्तृत चर्चा होनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *