उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा का देहरादून दौरा: निष्क्रिय संगठनों पर जताई नाराजगी, ‘धार्मिक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ’ को मजबूत करने पर जोर
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा का देहरादून दौरा: निष्क्रिय संगठनों पर जताई नाराजगी, ‘धार्मिक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ’ को मजबूत करने पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा अपने दो दिवसीय दौरे पर आज राजधानी देहरादून पहुंचीं। आगामी चुनावों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे इस दौरे के पहले दिन कुमारी शैलजा ने बीजापुर गेस्ट हाउस में मैराथन बैठकों का दौर शुरू किया। उन्होंने जिला, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों सहित पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, प्रकोष्ठों, विभागों और सेलों के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक मजबूती को लेकर गहन समीक्षा की। इस दौरान बैठक में प्रदेश कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कुछ फ्रंटल संगठनों की निष्क्रियता पर भड़कीं प्रभारी
बीजापुर गेस्ट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कुमारी शैलजा ने सभी अनुषांगिक संगठनों के पिछले कार्यकाल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड देखा। सूत्रों के मुताबिक, कुछ फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की ढीली कार्यशैली और निष्क्रियता पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की।
प्रभारी कुमारी शैलजा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “आगामी चुनौतियों को देखते हुए सभी प्रकोष्ठों और विभागों को अपनी भूमिका और अधिक मजबूत करनी होगी। अब पार्टी के हर कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों को समान रूप से जिम्मेदारी उठानी होगी, निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
पौराणिक धार्मिक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को बनाया जाएगा और मजबूत
इस संगठनात्मक बैठक में कांग्रेस पार्टी ने राज्य के परिप्रेक्ष्य में ‘पौराणिक धार्मिक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ’ को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने का बड़ा निर्णय लिया है।
बैठक के बाद इस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य नरेशानंद नौटियाल ने बताया कि बहुत ही सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी के समक्ष उत्तराखंड की संस्कृति और धर्म के लिहाज से इस प्रकोष्ठ की महत्ता को रखा और इसे जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई अहम सुझाव भी दिए।
जिला और ब्लॉक इकाइयों की प्रगति की हुई समीक्षा: गणेश गोदियाल
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत राज्य में जिला और ब्लॉक इकाइयों का गठन किया गया था। आज की बैठक में संगठन के लिहाज से सभी जिलों की अब तक की प्रगति और हाल ही में आयोजित हुए पार्टी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई है।
गणेश गोदियाल ने आगे बताया, “प्रदेश प्रभारी आज ही पार्टी के सभी सीनियर लीडरों के साथ अलग से मुलाकात करेंगी, जिसमें संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति और भविष्य में होने वाले आंदोलनों व कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।”
एकजुटता और चुनावी रणनीति पर रहेगा फोकस
कुमारी शैलजा अपने इस दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन यानी बुधवार को भी उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ वन-टू-वन और सामूहिक बैठकें करेंगी। इस दौरान गुटबाजी को खत्म कर पूरी एकजुटता के साथ संगठन को धार देने और भाजपा सरकार के खिलाफ रणनीति तैयार करने पर मुख्य फोकस रहेगा। आगामी निकाय और अन्य चुनावों से ठीक पहले हो रहे इस दौरे से उत्तराखंड कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है।
