अन्तर्राष्ट्रीय

G7 समिट: फ्रांस में मिले पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप; मिडिल ईस्ट युद्ध के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात

G7 समिट: फ्रांस में मिले पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप; मिडिल ईस्ट युद्ध के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात

​इविन (फ्रांस): फ्रांस में आयोजित हो रहे जी7 (G7) शिखर सम्मेलन के दौरान एक बेहद महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात हुई. वैश्विक कूटनीति के लिहाज से इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है. दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए और गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच यह मुलाकात करीब 16 महीनों के बाद हुई है.

​मिडिल ईस्ट युद्ध के बाद पहली बैठक

फरवरी में शुरू हुए मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) युद्ध के बाद दोनों वैश्विक नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है. इस युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से जहाजों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है, जिससे भारत सहित पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है. इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात फरवरी 2025 में वाशिंगटन में हुई बैठक के दौरान हुई थी.

​जी7 समिट से इतर होने वाली इस चर्चा में व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा और जारी पश्चिम एशिया संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है.

​दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक मुलाकात

भारत और अमेरिका के बीच इन दिनों व्यापार समझौते (Trade Agreement) को लेकर उच्च स्तरीय बातचीत चल रही है. माना जा रहा है कि पीएम मोदी और ट्रंप इस मुलाकात में व्यापारिक समझौतों की प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं. हालांकि, जानकारों के मुताबिक जी7 समिट के दौरान किसी अंतिम डील की घोषणा होने की उम्मीद नहीं है. आज हुई यह मुलाकात पूरी तरह से अनौपचारिक थी, जबकि दोनों देशों के बीच आधिकारिक द्विपक्षीय वार्ता (Bilateral Talks) पहले से ही प्रस्तावित है.

​लगातार आठवीं बार भारत को मिला निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और दुनिया के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए फ्रांस पहुंचे हैं. यह लगातार आठवां मौका है जब भारत को जी7 शिखर सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.

​इससे पहले पीएम मोदी स्विट्जरलैंड के जिनेवा पहुंचे थे, जहां जिनेवा एयरपोर्ट पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन ने खुद उनका स्वागत किया था. वहां दोनों नेताओं ने भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी को और अधिक मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिसके बाद पीएम मोदी फ्रांस के इविन शहर के लिए रवाना हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *