राष्ट्रीय

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: पाकिस्तान समर्थित आतंकी व आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: पाकिस्तान समर्थित आतंकी व आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

​नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी और एनसीआर इलाके को दहलाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित एक बड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह पूरा गिरोह पाकिस्तान में बैठे शाहजाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के इशारे पर काम कर रहा था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए हैं.

​ड्रोन के जरिए मंगाए जा रहे थे हथियार और ड्रग्स

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते अवैध हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था. ये हथियार और ड्रग्स पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब सीमा पर गिराए जाते थे, जहां से आरोपी इन्हें आगे पहुंचाते थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, 7 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है.

​सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फंसाया

जांच में पता चला कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसाता था. उन्हें जल्दी पैसा कमाने का लालच और अपराध की दुनिया की चमक-दमक दिखाकर भर्ती किया जाता था. इसके बाद उन्हें हथियारों और नशे की तस्करी जैसे कामों में लगा दिया जाता था.

​दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थानों की कर रहे थे रेकी

स्पेशल सेल को मई 2026 में सूचना मिली थी कि शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर सबसे पहले मोहित उर्फ योगी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर रहे थे. इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजे जा रहे थे. पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर कई संभावित हमलों को टाल दिया गया.

​गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण:

​अनस उर्फ अनस त्यागी (26 वर्ष): निवासी – लोनी, गाजियाबाद. इसके खिलाफ पहले से 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जांच में पता चला है कि नवंबर 2025 से इसका पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर और शाहजाद भट्टी से सैकड़ों बार संपर्क हुआ था.

​मोहित उर्फ योगी (26 वर्ष): निवासी – लोनी, गाजियाबाद. पुलिस के अनुसार, नवंबर 2025 से इसका पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर से हजारों बार संपर्क हुआ था.

​दीपक उर्फ दीपक अग्रोला (38 वर्ष): निवासी – ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद. इसके खिलाफ हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं. मार्च 2026 से इसका पाकिस्तान के हैंडलर्स से 100 से ज्यादा बार संपर्क हुआ था.

​आरिफ उर्फ प्रधान (30 वर्ष): निवासी – लोनी, गाजियाबाद. इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं. यह भी पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर के सीधे संपर्क में था.

​करणवीर सिंह (26 वर्ष): निवासी – फतेहगढ़ साहिब, पंजाब. इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है और यह भी अजमल गुज्जर के संपर्क में था.

​जतन (29 वर्ष): निवासी – ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद. इसके खिलाफ हत्या के प्रयास के 2 मामले दर्ज हैं.

​साबिर (30 वर्ष): निवासी – लोनी, गाजियाबाद. इसे भी इस मॉड्यूल में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

​दिल्ली पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों, हथियार सप्लायरों और फंडिंग करने वाले लोगों की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *