दिल्ली होटल अग्निकांड: शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर उबला उत्तराखंड, समर्थन में उतरे अनिल बलूनी और गणेश गोदियाल
दिल्ली होटल अग्निकांड: शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर उबला उत्तराखंड, समर्थन में उतरे अनिल बलूनी और गणेश गोदियाल
देहरादून/नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड के मामले में उत्तराखंड के रहने वाले शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी का मुद्दा अब गरमा गया है। केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक आम जनता में भारी आक्रोश है। अब इस मामले में सियासत भी तेज हो गई है और पक्ष-विपक्ष के कई बड़े नेता खुलकर केशव नेगी के परिवार के समर्थन में आ गए हैं।
इस मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बात कर चुके हैं। वहीं, सोमवार 8 जून को कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल और भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने केशव नेगी के परिजनों से अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
”साधारण कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना गलत” – गणेश गोदियाल
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने रिखोली गांव पहुंचकर केशव नेगी के परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। गोदियाल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव कानूनी और सामाजिक मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।
गोदियाल ने कहा कि होटल में शेफ के रूप में काम करने वाले केशव नेगी को इस पूरी घटना का जिम्मेदार ठहराकर गिरफ्तार करना समझ से परे है। अगर होटल की सुरक्षा व्यवस्था या फायर एनओसी में कोई चूक थी, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर असली मालिकों और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए। एक छोटे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना कतई न्यायसंगत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर केवल बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार से ठोस हस्तक्षेप की मांग की।
सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली में परिजनों को बंधाया ढाँढस
दूसरी ओर, गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर केशव नेगी की पत्नी, बेटी और बेटे से मुलाकात की। बलूनी ने नेगी के परिवार को ढाँढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि न्याय की इस लड़ाई में वे पूरी तरह उनके साथ हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस सिलसिले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर (कमिश्नर ऑफ पुलिस) से भी मुलाकात की थी। दोनों सांसदों ने पुलिस कमिश्नर के सामने केशव नेगी का पक्ष मजबूती से रखते हुए कहा था कि प्रथम दृष्टया शेफ निर्दोष प्रतीत होते हैं, इसलिए उनके पक्ष को गंभीरता से सुना जाए और मामले की पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाए।
