उत्तराखंड

उत्तराखंड में मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए महाअभियान शुरू: घर पर न मिलने पर BLO तीन बार करेंगे विजिट, जानें पूरा शेड्यूल

उत्तराखंड में मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए महाअभियान शुरू: घर पर न मिलने पर BLO तीन बार करेंगे विजिट, जानें पूरा शेड्यूल

​देहरादून: उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) कार्यक्रम के तहत आज से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म बांटने का काम शुरू हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने राज्य के सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को पूरा सहयोग करने की अपील की है।

​इस अभियान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अभियान से मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो जाएगा। सूची से अपात्रों, घुसपैठियों और संदिग्धों के नाम हटाए जाएंगे और केवल पात्र लोगों के नाम ही वोटर लिस्ट में रहेंगे, जिससे एक बेहतर और पारदर्शी सूची निकलकर आएगी।

​’बुक ए कॉल विद बीएलओ’ और स्टीकर की नई सुविधा

​मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ के पास गणना फॉर्म पहले ही पहुंचा दिए गए हैं। कामकाजी मतदाताओं की सुविधा के लिए इस बार कई विशेष इंतजाम किए गए हैं:

​कॉल बुकिंग सुविधा: जो मतदाता नौकरी या व्यवसाय के कारण दिन में घर पर मौजूद नहीं रहते, वे ‘Book a call with BLO’ फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ अपॉइंटमेंट तय कर सकते हैं। इसके बाद दो दिन के भीतर बीएलओ खुद उनसे संपर्क करेंगे।

​तीन बार विजिट और स्टीकर: यदि बीएलओ के भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ कुल तीन बार उनके घर जाएंगे। घर पर न मिलने की स्थिति में बीएलओ दरवाजे पर एक स्टीकर लगाएंगे, जिस पर उनके अगले विजिट की तारीख और बीएलओ का मोबाइल नंबर लिखा होगा।

​ऑनलाइन फॉर्म भरने का विकल्प: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाता खुद भी ‘ईसीआई नेट ऐप’ के जरिए अपना गणना फॉर्म ऑनलाइन डाउनलोड करके, उसे भरकर वापस अपलोड कर सकते हैं।

​फोटो जरूरी, अन्य दस्तावेजों से छूट

​इस अभियान के तहत 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान मतदाताओं को गणना फॉर्म के साथ अपनी एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो बीएलओ को देनी होगी। इस दौरान मतदाताओं को पहचान या निवास से जुड़ा अन्य कोई भी दस्तावेज नहीं देना होगा। यदि कोई पात्र व्यक्ति पहली बार अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना चाहता है, तो वह बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकता है।

​विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पूरा शेड्यूल

​आगामी एक महीने के दौरान बीएलओ मतदाताओं से फॉर्म लेकर उन्हें ‘बीएलओ ऐप’ के माध्यम से पूरी तरह डिजिटिलाइज करेंगे। आयोग द्वारा तय किया गया पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

​8 जून से 7 जुलाई 2026: बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म बांटना और उन्हें ऐप पर डिजिटिलाइज करना।

​14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट रोल (प्रारूप मतदाता सूची) का प्रकाशन।

​14 जुलाई से 13 अगस्त 2026: मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि।

​14 जुलाई से 11 सितंबर 2026: सभी जरूरी नोटिस जारी कर दावे एवं आपत्तियों का पूरी तरह निस्तारण करना।

​15 सितंबर 2026: अंतिम (फाइनल) मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *