Saturday, September 12, 2026
Latest:
खेल

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: जय शाह ने सभी 12 टीमों को दीं शुभकामनाएं, 12 जून से इंग्लैंड में महामुकाबला

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: जय शाह ने सभी 12 टीमों को दीं शुभकामनाएं, 12 जून से इंग्लैंड में महामुकाबला

​आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी 12 टीमों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में खेले जाने वाले इस वर्ल्ड कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है, जबकि इसका फाइनल मैच 5 जुलाई को खेला जाएगा।

​जय शाह ने सोशल मीडिया पर इस प्रतियोगिता के बड़े पैमाने पर जोर देते हुए लिखा कि यह अब तक का सबसे बड़ा आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इंग्लैंड और वेल्स के मशहूर मैदानों पर रिकॉर्ड-तोड़ दर्शक जुटेंगे और इस बार महिला इवेंट के लिए सबसे बड़ी ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग होगी, जो दुनियाभर के लाखों फैंस और बेहतरीन खिलाड़ियों को एक साथ लाएगी।

​महिला क्रिकेट का यह 10वां एडिशन एक अहम कदम है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत साल 2009 में इंग्लैंड से ही हुई थी। इस बार कुल 33 मैच इंग्लैंड के 7 प्रतिष्ठित वेन्यू पर खेले जाएंगे, जिनमें ओल्ड ट्रैफर्ड, हेडिंग्ले, एजबेस्टन, काउंटी ग्राउंड ब्रिस्टल, यूटिलिटा बाउल, द ओवल और लॉर्ड्स शामिल हैं।

​मेजबान इंग्लैंड का लक्ष्य साल 2009 की अपनी पहली सफलता को दोहराना है। तब इंग्लैंड ने शार्लेट एडवर्ड्स की कप्तानी में खिताब जीता था, जो वर्तमान में टीम की हेड कोच हैं। इसके अलावा 2017 में घरेलू मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप जीतने की यादें भी टीम का हौसला बढ़ाएंगी।

​डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड की टीम बतौर टाइटल होल्डर मैदान पर उतरेगी, जिसने साल 2024 में यूएई में आयोजित वर्ल्ड कप में अपना पहला खिताब जीता था। न्यूजीलैंड टूर्नामेंट के इतिहास में ट्रॉफी जीतने वाली केवल चौथी टीम है। अब तक इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज ने एक-एक बार यह खिताब जीता है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 6 चैंपियनशिप के साथ अपना दबादबा बनाए रखा है।

​इस बार टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इंग्लैंड ने मेजबान के तौर पर ऑटोमैटिक क्वालीफाई किया है। वहीं भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज ने आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सीधे एंट्री हासिल की है। बांग्लादेश, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड ने ग्लोबल क्वालीफायर के जरिए अपनी जगह बनाई है, जिसमें नीदरलैंड की टीम पहली बार इस वर्ल्ड कप का हिस्सा बनेगी।

​सभी 12 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। ग्रुप बी में इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें हैं।

​ग्रुप स्टेज में प्रत्येक टीम पांच मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 30 जून और 2 जुलाई को द ओवल में खेले जाएंगे, जबकि ग्रैंड फिनाले 5 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *