नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026: चमोली की नीति घाटी में गूंजा ‘फिट इंडिया’ का संदेश; मुख्यमंत्री धामी ने दी बड़ी सौगातें
नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026: चमोली की नीति घाटी में गूंजा ‘फिट इंडिया’ का संदेश; मुख्यमंत्री धामी ने दी बड़ी सौगातें
सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से 2 जून, 2026 तक आयोजित हो रहे ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को मलारी गांव में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम के तहत आयोजित यह भव्य खेल महोत्सव सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को एक नई मजबूती देने का माध्यम बना है। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को सीमांत स्वाभिमान और स्वावलंबन का एक नया जागरण बताया।
27 राज्यों के 1200 से अधिक धावक; होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर हुई 450
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी (ITBP) के सहयोग से आयोजित इस अनूठे एडवेंचर स्पोर्ट्स महाकुंभ में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। 11 हजार फीट की ऊंचाई, कठिन रास्तों और कम ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान रिवर्स माइग्रेशन (पलायन रोकने) पर जोर देते हुए एक बड़ा आंकड़ा साझा किया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या अब 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो बॉर्डर टूरिज्म की सफलता का सीधा प्रमाण है। 2 जून को आयोजन के अंतिम दिन गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर की एमटीबी (MTB) साइकिलिंग चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
’नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के प्रमुख परिणाम
प्रतियोगिता के तहत 5 किमी से लेकर 75 किमी तक की विभिन्न कठिन स्पर्धाएं आयोजित की गईं। पर्यटन सचिव श्री धीराज गर्ब्याल द्वारा विजेताओं को पुरस्कार राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए:
1. 05 किलोमीटर स्पर्धा
18 वर्ष से कम (पुरुष): हर्षित यादव (प्रथम), आयुष कुमार (द्वितीय), शिवम भुजवान (तृतीय)।
18 वर्ष से कम (महिला): रेखा (प्रथम), भावना रावत (द्वितीय), राधिका (तृतीय)।
ओपन वर्ग (पुरुष): प्रकाश भट्ट (प्रथम), मोहम्मद अशरफ (द्वितीय), मोहम्मद क्वासम (तृतीय)।
ओपन वर्ग (महिला): अर्पिता सैनी (प्रथम), वाई. तिमनाह (द्वितीय), अनिता चौहान (तृतीय)।
2. 10 किलोमीटर स्पर्धा
ओपन वर्ग (पुरुष): सुरेंद्र सिंह (प्रथम), मन्नू सिंह (द्वितीय), सजन पंवार (तृतीय)।
ओपन वर्ग (महिला): पूजा बिष्ट (प्रथम), निशा नेगी (द्वितीय), ईशा बर्त्वाल (तृतीय)।
60+ आयु वर्ग: दलबीर सिंह (प्रथम), गोविंद कुमार राणा (द्वितीय), सतीश चंद चौहान (तृतीय)।
3. 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन)
ओपन वर्ग (पुरुष): लोकेश कुमार (प्रथम), दीपक रावत (द्वितीय), कुलदीप नेगी (तृतीय)।
ओपन वर्ग (महिला): प्रिया (प्रथम), निकिता खोलिया (द्वितीय), आयुषी कनवाल (तृतीय)।
50+ आयु वर्ग (पुरुष): दीपेश जोशी (प्रथम), नंदन सिंह (द्वितीय), पवन (तृतीय)।
50+ आयु वर्ग (महिला): अनुदा तमांग (प्रथम), अंजू कुटियाल (द्वितीय), इंदिरा दीवान (तृतीय)।
4. 42 किलोमीटर (मैराथन)
ओपन वर्ग (पुरुष): यश राज (प्रथम), सत्यम (द्वितीय), महेंद्र सिंह बिष्ट (तृतीय)।
ओपन वर्ग (महिला): दिया (प्रथम), अर्पिता सैनी (द्वितीय), अंजू (तृतीय)।
40+ आयु वर्ग (पुरुष): सतपाल (प्रथम), महेश यादव (द्वितीय), कलम सिंह बिष्ट (तृतीय)।
40+ आयु वर्ग (महिला): मीना कंडारी (प्रथम), सुष्मिता राय (द्वितीय), शांति राय (तृतीय)।
60+ आयु वर्ग: थॉमस (प्रथम), मुकेश राणा (द्वितीय), सतीश चंद्रा (तृतीय)।
5. 75 किलोमीटर (अल्ट्रा रन)
ओपन वर्ग (पुरुष): दिगंबर सिंह (प्रथम), अर्जुन प्रधान (द्वितीय), विजय सिंह (तृतीय)।
ओपन वर्ग (महिला): मीनाक्षी (प्रथम), मीना कुमारी सुब्बा (द्वितीय), फलेश्वरी रजवाड़े (तृतीय)।
50+ आयु वर्ग (पुरुष): चरण सिंह (प्रथम), किशन बढ़वार (द्वितीय), रतन सिंह सोनल (तृतीय)।
50+ आयु वर्ग (महिला): आशा सिंह (प्रथम), कशीरसगरा रमसमिता (द्वितीय)।
60+ आयु वर्ग: कृष्णा तमांग (प्रथम), महिपाल सिंह (द्वितीय), शिवेंद्र सिंह बिष्ट (तृतीय)।
मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं: नीति घाटी को मिलीं सौगातें
बॉर्डर टूरिज्म (सीमा दर्शन) को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने वर्चुअली जुड़ते हुए कई महत्वपूर्ण नीतिगत घोषणाएं कीं:
कम्युनिटी होम स्टे का विकास: चमोली के नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर और महरगांव में सामुदायिक सहभागिता पर आधारित होम स्टे का निर्माण किया जाएगा।
सीमा दर्शन केंद्र की स्थापना: भारत-चीन सीमा से सटे बेहद संवेदनशील और रणनीतिक रिमखिम एवं बाड़ाहोती क्षेत्र में पर्यटकों के लिए विशेष ‘सीमा दर्शन केंद्र’ का निर्माण किया जाएगा।
दुप्फूधार मैदान का सुदृढ़ीकरण: ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि वहां भविष्य में बड़े एडवेंचर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन से जुड़े आयोजन किए जा सकें।
टूरिस्ट व्यू प्वाइंट: घाटी के प्रमुख गांवों और रास्तों पर पर्यटकों के मार्गदर्शन के लिए साइनेज और खूबसूरत ‘व्यू प्वाइंट’ बनाए जाएंगे।
सेरेब्रल पाल्सी को मात देकर 25 साल के अनुराग ने पूरी की 10 किमी की दौड़
इस पूरे महाआयोजन की सबसे प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाली कहानी 25 वर्षीय युवा अनुराग रावत ने लिखी। मूल रूप से पौड़ी (उत्तराखंड) के रहने वाले और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग ‘सेरेब्रल पाल्सी’ (Cerebral Palsy) नामक गंभीर दिमागी व शारीरिक दिव्यांगता से ग्रसित हैं।
इस शारीरिक चुनौती के बावजूद, अनुराग ने नीति घाटी के ऊंचे पहाड़ों, कठिन ढलानों और बेहद कम ऑक्सीजन वाले वातावरण में अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उन्होंने लगभग 1 घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की बेहद कठिन दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा किया।
”Beyond Limits, Beyond the Canyon” के नारे को सच साबित करते हुए अनुराग रावत ने खेल मैदान में मौजूद सेना के जवानों, अधिकारियों और ग्रामीणों का दिल जीत लिया। दौड़ पूरी करने के बाद अनुराग ने एक बेहद खूबसूरत संदेश देते हुए कहा, “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो, तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है।”
