करिश्मा कपूर की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज: कोलकाता के बैकड्रॉप पर बनी डार्क और साइकोलॉजिकल कहानी
करिश्मा कपूर की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज: कोलकाता के बैकड्रॉप पर बनी डार्क और साइकोलॉजिकल कहानी, अभिनेत्री निभाएंगी पुलिस अफसर रीटा ब्राउन का दमदार रोल
कोलकाता: लंबे समय से चर्चा में रही अभिनेत्री करिश्मा कपूर की आगामी वेब सीरीज ‘ब्राउन’ (Brown) का आधिकारिक ट्रेलर शनिवार को कोलकाता में रिलीज कर दिया गया है। यह सीरीज कोलकाता की रहस्यमयी और डार्क पृष्ठभूमि पर आधारित एक जबरदस्त साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर है। कहानी के केंद्र में करिश्मा कपूर का किरदार ‘रीटा ब्राउन’ है, जो कभी शहर की सबसे बेहतरीन पुलिस अधिकारियों में गिनी जाती थीं, लेकिन वर्तमान में वह बदनाम हो चुकी हैं, शराब की लत से जूझ रही हैं और अपने अतीत के जख्मों से परेशान हैं।
कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब शहर के एक बड़े कारोबारी की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है और इसके बाद एक के बाद एक कई कत्ल होते हैं। इन हालातों में रीटा ब्राउन को मजबूरी में फिर से जांच के लिए सिस्टम में लौटना पड़ता है। वह इंस्पेक्टर अर्जुन नामक एक युवा और परेशान अधिकारी के साथ मिलकर इस केस की तफ्तीश शुरू करती हैं। इस दौरान दोनों का सामना एक ऐसे कोलकाता से होता है, जो पहले से कहीं ज्यादा भ्रष्ट, बिखरा हुआ और खतरनाक रूप ले चुका है।
करिश्मा कपूर के करियर का सबसे अलग किरदार
वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “रीटा ब्राउन मेरे द्वारा पहले निभाए गए किसी भी किरदार से बिल्कुल अलग है। वह कई कमियों के साथ जीती है, भावनात्मक रूप से कमजोर और टूटी हुई है, लेकिन इसके बावजूद वह जिंदगी की हर चुनौती का डटकर सामना करती है। यही बात उसे बेहद मजबूत और खास बनाती है। मैंने अपने लंबे करियर में पहले कभी ऐसा किरदार नहीं निभाया है।”
अभिनेत्री ने आगे बताया कि इस सीरीज की भावनात्मक सच्चाई ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया, क्योंकि इसमें दर्द को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के बजाय कहानी को पूरी तरह वास्तविक रखा गया है।
परतों में खुलेगी सस्पेंस की कहानी
सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता जिस्शु सेनगुप्ता ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “मुझे ‘ब्राउन’ की सबसे खास बात यह लगी कि इसकी कहानी धीरे-धीरे कई परतों में खुलती है। इसमें सस्पेंस के साथ-साथ गहरी भावनात्मक गहराई भी हैं। एक अभिनेता के तौर पर ऐसी कहानी का हिस्सा बनना और कोलकाता को इसका इतना महत्वपूर्ण हिस्सा बनते देखना मेरे लिए बेहद खास रहा।”
सिर्फ क्राइम नहीं, टूटे हुए लोगों की दास्तां है ‘ब्राउन’
प्रसिद्ध डायरेक्टर अभिनय देव ने सीरीज के विज़न को साफ करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक सामान्य क्राइम स्टोरी नहीं है, बल्कि यह उन टूटे हुए लोगों की कहानी है जो एक टूटे हुए सिस्टम में अपनी जिंदगी का मकसद और खुद को साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। रीटा ब्राउन का किरदार अंदर और बाहर से कई परतों वाला है। हम एक ऐसी दुनिया बनाना चाहते थे जो असली लगे, जहां हर कैरेक्टर ‘ग्रे शेड्स’ (सफेद और काले के बीच) में काम करता हो।”
वहीं, ज़ी5 (ZEE5) हिंदी की बिजनेस हेड, कावेरी दास ने कहा, “ब्राउन आज के आम क्राइम थ्रिलर शो से बिल्कुल अलग है। यह सिर्फ इस बात पर ध्यान केंद्रित नहीं करती कि ‘गुनहगार कौन है’, बल्कि यह अपने किरदारों की गहराई, उनकी कमियों, पुराने जख्मों और उनके इमोशनल बोझ को बिना किसी बनावट के बिल्कुल असली तरीके से पेश करती है।”
