राष्ट्रीय

ईरान-अमेरिका संघर्ष: पश्चिम एशिया के हालात पर केंद्र सरकार सतर्क, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में IGOM की उच्चस्तरीय बैठक

ईरान-अमेरिका संघर्ष: पश्चिम एशिया के हालात पर केंद्र सरकार सतर्क, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में IGOM की उच्चस्तरीय बैठक

​नई दिल्ली: ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात और उसके भारत पर संभावित प्रभावों को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मंत्रियों के अनौपचारिक अधिकार प्राप्त समूह (आईजीओएम) की एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की।

​देशवासियों से पैनिक बाइंग न करने की अपील

बैठक के दौरान सरकार ने देशवासियों से विशेष अपील की है कि वे किसी घबराहट या अफवाह में आकर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की अतिरिक्त खरीदारी (पैनिक बाइंग) न करें। सरकार का स्पष्ट कहना है कि देश में सप्लाई चेन की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

​सुरक्षा, ऊर्जा और व्यापारिक मार्गों पर व्यापक समीक्षा

बैठक में पश्चिम एशिया में उभरते सुरक्षा परिदृश्य, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री व्यापार मार्गों, परिवहन व्यवस्था तथा आवश्यक सेवाओं पर संभावित प्रभावों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। हालांकि फिलहाल दोनों देशों के बीच युद्ध विराम की स्थिति है, लेकिन फिर भी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। यदि क्षेत्रीय तनाव और बढ़ता है, तो भारत की ऊर्जा जरूरतों, पेट्रोलियम आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों पर क्या असर पड़ सकता है, इसका बारीकी से आकलन किया गया। इसके साथ ही विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा आवश्यकता पड़ने पर उनकी सुरक्षित निकासी संबंधी तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

​पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना

बैठक के उपरांत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती की समीक्षा के लिए मंत्रियों के अधिकार प्राप्त समूह (आईजीओएम) की यह छठी बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने उत्कृष्ट कार्य किया है। मंत्री समूह ने कठिन परिस्थितियों में दूरदर्शी सोच और प्रभावशाली नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

​बैठक में शामिल रहे कई केंद्रीय मंत्री

इस महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, सर्वानंद सोनोवाल और मनोहर लाल खट्टर मुख्य रूप से शामिल रहे।

​आपात स्थिति से निपटने के निर्देश

ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में बने घटनाक्रम पर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया भारत के लिए सामरिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, क्योंकि भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं का एक बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र से आयात करता है। ऐसे में वहां की स्थिति पर केंद्र सरकार की करीबी निगरानी और उच्चस्तरीय समन्वय को बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *