राष्ट्रीय

गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा: सांचू पोस्ट पर जवानों की हौसलाअफजाई की, 14 महिला बैरकों का किया ई-लोकार्पण

गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा: सांचू पोस्ट पर जवानों की हौसलाअफजाई की, 14 महिला बैरकों का किया ई-लोकार्पण

​बीकानेर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को राजस्थान के बीकानेर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) की ऐतिहासिक ‘सांचू पोस्ट’ पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मौजूद रहे। अमित शाह ने सीमा पर तैनात सीमा प्रहरियों से मुलाकात की, शहीद जवानों को नमन किया और देश की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान की सराहना की।

​प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि हमारे जवान तेज बारिश, भीषण गर्मी, बर्फीली चोटियों और अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं को सुरक्षित रखते हैं। उन्होंने विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान बीएसएफ के जवानों ने सीमावर्ती जिलों के नागरिकों का हौसला बनाए रखा और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में अहम भूमिका निभाई। सांचू पोस्ट के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने इस पोस्ट पर कब्जे का प्रयास किया था, लेकिन भारतीय जांबाजों ने अपनी बहादुरी से इसे सुरक्षित रखा। यह चौकी इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।

​मोदी सरकार में सीमा सुरक्षा का हुआ आधुनिकीकरण

​गृह मंत्री ने बुनियादी ढांचे में सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमा सुरक्षा व्यवस्था में बड़े और क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं। सेना और बीएसएफ का आधुनिकीकरण कर उन्हें अत्याधुनिक संसाधन और हथियार उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा सीमाओं पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2019 से विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 7 करोड़ 35 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इस संदेश को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने सांचू पोस्ट पर ‘खेजड़ी’ का पौधा भी लगाया।

​अमित शाह के दौरे की प्रमुख बड़ी बातें:

​महिला प्रहरियों के लिए विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर: राजस्थान में बीएसएफ की सीमा चौकियों पर महिला जवानों के लिए 40 करोड़ रुपए की लागत से 79 बैरक स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 67 का काम पूरा हो चुका है। गृह मंत्री ने इस दौरे के दौरान 14 नए महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया।

​सड़कों का जाल और बुनियादी सुविधाएं: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 1096 किलोमीटर लंबी लिटरल रोड और 520 किलोमीटर लंबी एक्ससीएल (XCL) रोड का निर्माण किया जा रही है। साथ ही जवानों की सुविधा के लिए 180 चौकियों तक पाइपलाइन के जरिए पीने का पानी पहुंचाया गया है।

​हाई-टेक फेंसिंग और चौकसी: सीमाओं पर अब नई डिजाइन की एंटी-कट, एंटी-क्लाइंब फेंसिंग (बाड़) लगाई जा रही है। गृह मंत्री ने अधिकारियों को सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, तस्करी (स्मगलिंग) और ड्रोन गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।

​मजबूत चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड: अमित शाह ने सीमाओं की अभेद्य सुरक्षा के लिए एक नया मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ, सेना, स्थानीय जागरूक नागरिक और जिला प्रशासन मिलकर एक मजबूत ‘चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ बनाएं। साथ ही उन्होंने बीएसएफ को सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूलों में जाकर बच्चों और युवाओं से संवाद करने की सलाह दी ताकि उनमें देशभक्ति की भावना और बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *