बुद्ध पूर्णिमा स्नान: हरिद्वार में कल से लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों की एंट्री बैन; जाने रूट और पार्किंग की पूरी डिटेल
बुद्ध पूर्णिमा स्नान: हरिद्वार में कल से लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों की एंट्री बैन; जाने रूट और पार्किंग की पूरी डिटेल
हरिद्वार: आगामी 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर हरिद्वार में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षित और सुगम यातायात संचालन के लिए ‘ट्रैफिक प्लान-2026’ जारी कर दिया गया है। यह प्लान 30 अप्रैल की रात 12:00 बजे से पर्व समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
प्रमुख पाबंदियां और निर्देश
नो-एंट्री: 30 अप्रैल की रात से शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ऑटो/विक्रम पर लगाम: ललतारा पुल से शिवमूर्ति के बीच ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा।
एक्जिट रूट: चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर से निकासी (Exit) के लिए किया जाएगा।
दिल्ली-मेरठ और पंजाब-हरियाणा से आने वालों के लिए रूट
दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर और गुरुकुल कांगड़ी होते हुए शंकराचार्य चौक पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमकादड़ टापू में पार्किंग व्यवस्था की गई है।
विशेष नोट: यदि दबाव बढ़ता है, तो वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैम्प पार्किंग में भेजा जाएगा। पंजाब-हरियाणा से आने वाले वाहनों को भारी जाम की स्थिति में बिहारीगढ़-मोहण्ड मार्ग से देहरादून/ऋषिकेश की ओर भेजा जा सकता है।
नजीबाबाद और देहरादून/ऋषिकेश मार्ग की व्यवस्था
नजीबाबाद (बिजनौर) से: छोटे वाहन चंडी चौकी होते हुए दीनदयाल/पंतद्वीप पार्किंग में खड़े होंगे, जबकि बड़े वाहनों को नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में भेजा जाएगा।
देहरादून/ऋषिकेश से: श्रद्धालु नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला और पंतद्वीप में पार्किंग सुनिश्चित की गई है।
शहर के भीतर ऑटो/विक्रम का डायवर्जन
शहर के आंतरिक मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑटो और विक्रमों को सीमाबद्ध किया गया है:
ऋषिकेश की ओर से: वाहन केवल जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे।
ज्वालापुर की ओर से: वाहन रानीपुर मोड़ और देवपुरा से डायवर्ट किए जाएंगे।
BHEL की ओर से: वाहन भगत सिंह चौक और टिबड़ी फाटक होकर संचालित होंगे।
प्रशासन की अपील
अपर आयुक्त और हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में निकासी के लिए नहर पटरी मार्ग का विकल्प खुला रखा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यात्री कृपया ध्यान दें: यात्रा शुरू करने से पहले गूगल मैप्स और स्थानीय पुलिस की सोशल मीडिया अपडेट्स देखते रहें ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
