ड्रग्स की दुनिया का ‘गब्बर’ ढेर: मेक्सिको के सबसे खूंखार ‘माली’ को सेना ने दबोचा, नाले में छिपा मिला 42 करोड़ का इनामी
ड्रग्स की दुनिया का ‘गब्बर’ ढेर: मेक्सिको के सबसे खूंखार ‘माली’ को सेना ने दबोचा, नाले में छिपा मिला 42 करोड़ का इनामी
इंटरनेशनल डेस्क, मेक्सिको सिटी मेक्सिको की सेना ने दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग्स सिंडिकेट ‘जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल’ (CJNG) को अब तक का सबसे करारा झटका दिया है। कुख्यात ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ के दायां हाथ और कार्टेल के अगले वारिस माने जाने वाले ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा उर्फ ‘एल जार्डिनेरो’ (The Gardener) को एक नाटकीय सैन्य ऑपरेशन में गिरफ्तार कर लिया गया है।
42 करोड़ का इनामी, पर नाले में मिला ठिकाना
अमेरिका द्वारा 5 मिलियन डॉलर (करीब 42 करोड़ रुपये) का इनाम पाने वाला यह खूंखार अपराधी किसी बुलेटप्रूफ बंकर में नहीं, बल्कि नायरित राज्य में सड़क किनारे एक नाले में दुबका हुआ मिला। सेना ने बिना किसी खून-खराबे के उसे दबोच लिया। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के बाद नायरित और आसपास के इलाकों में कार्टेल के गुर्गों द्वारा आगजनी और छिटपुट हिंसा की खबरें आ रही हैं।
क्यों ‘माली’ के नाम से थर्राती थी दुनिया?
31 वर्षीय ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा को ‘एल जार्डिनेरो’ यानी ‘माली’ के नाम से जाना जाता है।
नाम की कहानी: यह नाम उसे अपराध की दुनिया के शुरुआती दिनों में मिला, जब वह बड़े पैमाने पर अफीम और मारिजुआना (गांजा) की खेती की देखरेख करता था।
वारिस की भूमिका: फरवरी में सेना द्वारा सरगना ‘एल मेंचो’ के खात्मे के बाद, सिल्वा को ही इस खूनी साम्राज्य का अगला बेताज बादशाह माना जा रहा था।
अपराध का जाल: सिल्वा न केवल तस्करी देखता था, बल्कि प्रशांत तट पर फेंटानिल (सिंथेटिक ड्रग) बनाने वाले केमिकल कारोबार और जबरन वसूली के नेटवर्क पर भी उसी का कब्जा था।
100 से ज्यादा देशों में फैला मौत का धंधा
CJNG कार्टेल ने पिछले कुछ वर्षों में कुख्यात ‘सिनालोआ कार्टेल’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
साम्राज्य: अमेरिकी जांच एजेंसी (DEA) के अनुसार, यह गैंग मेक्सिको के 32 में से 21 से 25 राज्यों में सक्रिय है।
वैश्विक नेटवर्क: यह सिंडिकेट अमेरिका सहित दुनिया के 100 से अधिक देशों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता है।
ब्लैकलिस्ट: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे ‘विदेशी आतंकवादी संगठन’ घोषित कर रखा है और अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने सिल्वा की सभी संपत्तियों को फ्रीज किया हुआ है।
आतंक का अंत या नई गैंगवार की आहट?
एल मेंचो की मौत के दो महीने बाद सिल्वा की गिरफ्तारी ने CJNG की कमर तोड़ दी है। सुरक्षा विश्लेषकों का मानना है कि नंबर 1 और नंबर 2 के पकड़े जाने से मेक्सिको में गैंगवार बढ़ सकती है, क्योंकि दूसरे छोटे गैंग अब जलिस्को कार्टेल के इलाकों पर कब्जा करने की कोशिश करेंगे।
बड़ी कामयाबी: मेक्सिकन सेना के लिए यह इसलिए भी बड़ी जीत है क्योंकि सिल्वा कार्टेल का सिक्योरिटी चीफ था और उस तक पहुंचना नामुमकिन माना जाता था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही मेक्सिको से अमेरिका तक होने वाली हेरोइन और कोकीन की तस्करी के बड़े रूट पर ब्रेक लगने की उम्मीद है।
