Friday, September 11, 2026
Latest:
खेल

पाकिस्तान हॉकी में बड़ा हंगामा: खिलाड़ियों ने धोए बर्तन, PHF चीफ ने PM शहबाज को सौंपा इस्तीफा

इस्लामाबाद: पाकिस्तान हॉकी में बड़ा संकट! ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के साथ हुई बदसलूकी और बेइज्जती के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष तारिक बुगती ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा PHF के मुख्य संरक्षक और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंप दिया। यह फैसला टीम के कप्तान अम्माद शकील बट के विस्फोटक आरोपों के एक दिन बाद आया, जिनमें उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को होटल न मिलने पर सड़कों पर भटकना पड़ा और मैच से पहले बर्तन धोने तक पड़े।

घटनाक्रम और आरोप

पाकिस्तान हॉकी टीम FIH प्रो लीग के लिए ऑस्ट्रेलिया गई थी, जहां टीम ने सभी मैच हारे और सफेद झाड़ू लगी।

कप्तान अम्माद शकील बट ने लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा: “हमारे पास होटल बुकिंग नहीं थी, सड़कों पर घूमना पड़ा। बाद में सस्ते Airbnb में शिफ्ट हुए, जहां खुद खाना बनाना, बर्तन धोना और टॉयलेट साफ करना पड़ा। मैच से पहले किचन क्लीन करना पड़ता था—यह कैसी मैनेजमेंट है?”

पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने पुष्टि की कि टीम के होटल के लिए 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा जारी किए गए थे, लेकिन PHF ने सही इस्तेमाल नहीं किया।

बुगती ने कप्तान पर 2 साल का बैन लगा दिया था (आलोचना के लिए), लेकिन दबाव बढ़ने पर इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पीएम शहबाज और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से निष्पक्ष जांच की मांग की।

मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफा देने की पेशकश की है।

राजनीतिक असर

शहबाज शरीफ (PHF पैट्रन-इन-चीफ) ने पहले ही जांच के आदेश दिए थे। यह विवाद पाकिस्तान हॉकी के लिए बड़ा झटका है, जहां पहले से ही फंडिंग और मैनेजमेंट की समस्याएं हैं। खिलाड़ियों ने विदेशी कोच और बेहतर सिस्टम की मांग की है।

पाकिस्तान हॉकी की इंटरनेशनल इमेज को गहरा धक्का लगा है—सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से दुनिया भर में कंगाल मुल्क की भद्द पिट रही है। जांच पूरी होने के बाद बड़े बदलाव संभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *